scriptराजनीति…कमलेश शाह के जाने से अमरवाड़ा में आगे क्या..जानिए | Politics...What's next in Amarwada after Kamlesh Shah's departure...Kn | Patrika News
छिंदवाड़ा

राजनीति…कमलेश शाह के जाने से अमरवाड़ा में आगे क्या..जानिए

हर्रई राजपरिवार का इतिहास हमेशा रहा कांग्रेस का साथ, दादा उदयभान और माता शैलकुमारी भी बनी थी विधायक

छिंदवाड़ाMar 29, 2024 / 08:59 pm

manohar soni

राजनीति...कमलेश शाह के जाने से अमरवाड़ा में आगे क्या..जानिए

राजनीति…कमलेश शाह के जाने से अमरवाड़ा में आगे क्या..जानिए

छिंदवाड़ा.आदिवासी आरक्षित विधानसभा अमरवाड़ा के कांग्रेस विधायक कमलेश शाह के भाजपा की सदस्यता ग्रहण रहने से स्थानीय राजनीति गरमा गई है। अब तक हर्रई का यह राज परिवार हमेशा कांग्रेस के साथ रहा। कमलेश के दादा उदयभान शाह और माता शैलकुमारी देवी भी इस पार्टी से विधायक बनी। अब कमलेश के पाला बदलने से ये माना जा रहा है कि अमरवाड़ा के कांग्रेस नेताओं के लिए विधायक टिकट की दावेदारी के नए मौके बनेंगे तो वहीं भाजपा में भी स्थानीय नेतृत्व की प्रतिस्पर्धा तेज होगी।
अमरवाड़ा भाजपा में अब तक पूर्व विधायक प्रेमनारायण ठाकुर के पुत्र उत्तम ठाकुर और गोंडवाना से भाजपा में आई मोनिका बट्टी का प्रभाव था। मोनिका वर्ष 2023 में भाजपा से विधानसभा की टिकट से लड़ी थी। उन्हें कमलेश शाह से पराजय झेलनी पड़ी थी। इस लोकसभा चुनाव में अब तक भाजपा वोट की दृष्टि से उन्हें ही प्राथमिकता दे रही थी। मंच पर बैठा रही थी। अब कमलेश शाह के भाजपा में आने से अमरवाड़ा विधानसभा के सबसे बड़े नेता की होड़ लग जाएगी। तीन बार के विधायक होने पर शाह पार्टी की नेतागिरी में उत्तम और मोनिका पर भारी पड़ेंगे। अगले छह माह में होनेवाले विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा से उनकी टिकट पक्की होगी। दूसरे नेताओं को टिकट के लिए फिर लम्बी प्रतीक्षा करनी होगी।
…….
कांग्रेस में उभरेंगे टिकट के नए दावेदार
अमरवाड़ा कांग्रेस में अब तक कमलेश शाह टिकट के मामले में दूसरे सभी दावेदारों पर भारी थे। उनके कांग्रेस छोडऩे पर दूसरे दावेदारों को कांग्रेस की टिकट का अवसर मिलेगा। वे विधानसभा उपचुनाव में अपना प्रदर्शन कर सकेंगे। शाह के समर्थकों के भी भाजपा में जाने से खाली सीटों पर नए युवाओं को आगे पाएंगे।
……
लोकसभा में अमरवाड़ा के वोट पर रहेगी नजर
लोकसभा चुनाव 2024 में अमरवाड़ा विधानसभा चुनाव से भाजपा को मिलनेवाले वोट पर पूरे जिले की निगाहें होंगी। इस विधानसभा से पिछले 2019 में कांग्रेस को 22 हजार वोट मिले थे। इससे ही कांग्रेस संसदीय इतिहास में अपना गढ़ सुरक्षित रखने में कामयाब रही थी। अब कांग्रेस के सुरक्षित वोट कमलेश शाह के भाजपाई बनने पर परिवर्तित हो पाएंगे या नहीं, ये देखना होगा।
……..

2023 में 25 हजार वोट से जीते थे शाह
पांच माह पहले हुए विधानसभा चुनाव 2023 के रिकार्ड को देखा जाए तो अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कमलेश शाह को 109765 वोट मिले थे तो वहीं भाजपा की मोनिका बट्टी को 84679 वोट मिले थे। शाह ने 25086 वोट के अंतर से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 48.34 प्र्रतिशत तथा भाजपा का 37.29 प्रतिशत रहा था। तीसरे स्थान पर गोंडवाना के देवीराम को 18231 वोट मिले थे।
…..
एक नजर में अब तक विधायक
वर्ष विधायक
1967 शंकर सिंह ठाकुर जनसंघ
1972 उदय भान शाह कांग्रेस
1977 ढक्कन शाह ठाकुर कांग्रेस
1980 प्रेम नारायण ठाकुर कांग्रेस
1985 शैलकुमारी देवी कांग्रेस
1990 मेहमान शाह उइके भाजपा
1993 प्रेम नारायण ठाकुर कांग्रेस
1998 प्रेम नारायण ठाकुर कांग्रेस
2003 मनमोहन शाह बट्टी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी
2008 प्रेमनारायण ठाकुर भाजपा
2013 कमलेश शाह कांग्रेस
2018 कमलेश शाह कांग्रेस
2023 कमलेश शाह कांग्रेस
……..

Hindi News/ Chhindwara / राजनीति…कमलेश शाह के जाने से अमरवाड़ा में आगे क्या..जानिए

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो