अब नहीं पीना पड़ेगा लाल पानी
चाईबासा के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या जल्द ही दूर होगी। डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फंड का सारा पैसा शुद्ध पेयजल पहुंचाने के काम पर लगाए जाने का निर्देश राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। 400 करोड़ रुपये की राशि पाइप लाइन बिछाकर घर-घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाने हेतु खर्च की जा रही है। चाईबासा का कोई एक गांव भी ऐसा नहीं बचेगा जहां पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंचेगा। अब इस क्षेत्र के लोग लाल पानी पीने के लिए मजबूर नहीं होंगे।
427.92 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री सोमवार को चाईबासा के जुबली तालाब सौंदर्यीकरण एवं नवनिर्मित पार्क का लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत 427.92 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस राशि से विभिन्न विभागों के कुल 37 योजनाएं संचालित होंगी।
5 रूपए होगा पार्क का शुल्क
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पद संभालने के बाद पहली बार जब चाईबासा आया था तब यहां की जनता से चाईबासा की तस्वीर और तकदीर बदलने का वादा किया था। यह सरकार की प्रतिबद्धता ही है कि आज वे चाईबासा वासियों के लिए खूबसूरत जुबली तालाब और नवनिर्मित पार्क का लोकार्पण किया जा रहा है,यह पार्क कोल्हान प्रमंडल का सबसे बेहतरीन पार्क के रूप में विकसित किया गया है। इस पार्क की देखरेख और मेंटेनेंस की जिम्मेवारी प्रशासन के साथ-साथ जनता की भी है। पार्क का निर्माण करना आसान है लेकिन इसे मेंटेनेंस में रखना कठिन होता है इसीलिए जिला प्रशासन द्वारा यह तय किया गया है कि मात्र 5 रुपए का प्रवेश शुल्क पार्क भ्रमण करने वाले आगंतुकों को देना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी स्मार्ट शहरों में दादा दादी पार्क का भी निर्माण कराया जा रहा है, पार्क शहरों की लैंड मार्क होती हैं। इसलिए पार्क को सुरक्षित एवं स्वस्थ रखना हम सबों की जिम्मेदारी है।
10 करोड़ की लागत से हुआ नवीनीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है जहां सीएसआर काउंसिल का गठन किया गया है। राज्य में स्थापित औद्योगिक संस्थानों से मिलने वाली 2 प्रतिशत की सीएसआर राशि समाज के विकास के लिए खर्च की जाती है। चाईबासा स्थित जुबली तालाब का नवीनीकरण टाटा स्टील ने राज्य सरकार की पहल पर सीएसआर के तहत 10 करोड रुपए की लागत से करवाया गया है। साल्टलेक की तर्ज पर बना हुआ यह मनोरंजन स्थल चाईबासा के लोगों के लिए गर्व का विषय है।
शहीदों की स्मृति में बन रहा संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के नाम पर अब राजनीति नहीं होगी, राज्य के वीर शहीदों को सम्मान देने का काम सरकार कर रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर चर्चा की थी। केंद्र सरकार के सहयोग से रांची में भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय बनाया जा रहा है, इस संग्रहालय में राज्य के सभी वीर सपूतों का प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यहीं पर भगवान बिरसा मुंडा टावर भी बनेगा जो शंघाई टावर के अनुरूप होगा। आगामी 9 जनवरी से 23 जनवरी तक राज्य के सभी शहीदों के गांव एवं अन्य सभी गांव से मिट्टी लाने का कार्यक्रम राज्य सरकार द्वारा तय किया गया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जनभागीदारी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
यह लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद पश्चिमी सिंहभूम लक्ष्मण गिलुवा, विधायक चाईबासा सदर दीपक बिरुवा, वाइस प्रेसिडेंट टाटा स्टील सुनील भास्करण, टीएसी सदस्य जेबी तुबिद, 20 सूत्री उपाध्यक्ष संजय पांडे, नगर निगम के चेयरपर्सन मिथिलेश ठाकुर, कोल्हान आयुक्त विजय कुमार सिंह, उपायुक्त अरवा राजकमल, आरक्षी अधीक्षक क्रांति कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।