प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं को मिशन 2019 के लिए जुटने के लिए हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि इस बार बदायूं की सीट हर हाल में जीतनी है। इसके लिए कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाएं। किसी कारणवश हीं बूथ गठन की प्रक्रिया रह गई हो तो तत्काल पूरी की जाए। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 30 नवंबर तक का समय बढ़ा दिया है, इसलिए चौकन्ना हो जाएं, किसी भी पात्र का नाम सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बदायूं में आगामी 10 से 15 नवंबर तक बूथ समिति के अभिनंदन समारोह का कार्यक्रम चलेगा। इसमें सभी विधायक और जिला स्तरीय पदाधिकारी पहुंचेंगे। 17 नवंबर को प्रदेश में सभी लोकसभा सीटों पर कमल बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में प्रत्येक बूथ से 10 कार्यकर्ता 5 मोटरसाइकिल पर आएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने ये तय किया है कि इस बार उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करनी है। वहीं कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस बार हमारा पूरा फोकस बदायूं सीट पर विजय पताका फहराना है। हमारी सरकार ने सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम किया है हम उस काम के आधार पर परचम लहराएंगे।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संगठन भवानी सिंह, राजेश सिंघल, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, आरके शर्मा, कुशाग्र सागर, अजीत कुमार राजू पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव चेयरमैन दीपमाला गोयल आदि थे।