अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी एक दूसरे के खिलाफ खड़े हो गए हैं। एक दूसरे से मुकाबले के लिए तैयार हैं। इससे पहले आप सोचे कि हम रियल लाइफ या बॉलीवुड फिल्म की बात कर रहे हैं, तो गलत है। असल में अक्षय और शिल्पा छोटे पर्दे पर एक-दूसरे से टकराने वाले हैं। अक्षय कुमार करीब 3 साल बाद टीवी इंडस्ट्री में लौट रहे हैं। वो कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में बतौर सुपर जज नजर आने वाले हैं। दूसरी तरफ शिल्पा शेट्टी डांस रियलिटी शो ‘सुपर डांसर 2’ की जज पैनल में नजर आएंगी।
दिलचस्प बात ये है कि दोनों शो एक ही दिन एक ही समय पर लॉन्च होने वाले हैं। दोनों शो 30 सितंबर को रात 8 बजे अलग अलग चैनल पर ऑन एयर किया जाएगा। दोनों वीकेंड शो होंगे और हर शनिवार और रविवार को दिखाए जाएंगे। देखना दिलच्सप होगा कि टीआरपी के खेल में कौन किसे पछाड़ता है। बेशक, बॉक्स ऑफिस पर खिलाड़ी का राज चल रहा है, लेकिन क्या वो यहां भी अपना सिक्का जमाने वाले हैं। शिल्पा का जादू भी कम नहीं है। टीवी दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता अच्छी खासी है।