जानकारी के अनुसार ग्राम घुरू अमेरी निवासी लता यादव (25 ) का विवाह 6 वर्ष पूर्व जबड़ापारा निवासी मनोज यादव से हुआ था। 4 वर्ष पूर्व मनोज से विवाद होने पर लता मायके में रहने चली गई थी। दोनों के बीच विवाद का मामला कुटुम्ब न्यायालय में विचाराधीन है।
शुक्रवार को लता मायके से जबड़ापारा स्थित मनोज के घर पहुंची और उसी के साथ रहने की बात कही। मनोज ने उसे रखने से इनकार कर दिया। लता सरकंडा थाना पहुंची और पति के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। पुलिस ने मनोज को थाने में बुलवाया, उसने दोनों के बीच चल रहे विवाद का मामला कोर्ट में लंबित होने की जानकारी देते हुए उसे साथ रखने से इनकार कर दिया। सरकंडा टीआई संतोष जैन ने महिला आरक्षक के साथ लता को नूतन चौक स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सखी सेंटर में भेजा।
यहां की महिला कर्मियों ने लता को रखने से इनकार कर दिया। रात 12 बजे पुलिस कर्मी लता को लेकर आरके नगर स्थित उज्जवला होम्स लेकर गए। यहां के कर्मचारियों ने बताया कि उज्जवला होम्स में सिर्फ मानसिक रोगी महिलाओं को रखा जाता है। पुलिस कर्मी रात करीब 2 बजे लता को लेकर कुम्हारपारा स्थित महिला सुधार गृ़ह लेकर गए। यहां लता के ठहरने की व्यवस्था हुई।
महिला को सखी सेंटर भेजा गया था
महिला को रात्रि में थाने में रखने का कोई प्रावधान नहीं है। आपराधिक मामला नहीं होने के कारण महिला को सखी सेंटर भेजा गया था। वहां के कर्मचारियों ने सखी सेंटर में पानी नहीं होने का हवाला देते हुए महिला को रखने से इनकार कर दिया था। कुम्हारपारा स्थित महिला सुधार गृह में महिला के ठहरने की व्यवस्था की गई। सखी सेंटर के कर्मचारियों के खिलाफ मैंने जिला प्रशासन से शिकायत की है।
संतोष जैन, थाना प्रभारी, सरकंडा