scriptजिम्मेदारों की संवेदनहीनता, जनआक्रोश के बाद टूटी नींद | Anesthesia of Responsibilities | Patrika News

जिम्मेदारों की संवेदनहीनता, जनआक्रोश के बाद टूटी नींद

locationबीकानेरPublished: Feb 17, 2018 09:04:44 am

उधर, चौराहे पर जरूरी इंतजाम करने की मांग को लेकर नगर विकास न्यास पहुंचे कुछ लोग न्यास सचिव के कथित बोल से आहत हो गए

speed breakers
छात्रा पल्लवी की मौत के बाद शुक्रवार को नगर विकास न्यास और यातायात पुलिस की नींद टूटी। दोनों विभागों के अधिकारी भुट्टों के चौराहे पर पहुंचे और जरूरी इंतजाम पर विचार किया। उधर, चौराहे पर जरूरी इंतजाम करने की मांग को लेकर नगर विकास न्यास पहुंचे कुछ लोग न्यास सचिव के कथित बोल से आहत हो गए। इस पर उन्होंने हंगामा किया और धरना लगा दिया। बाद में न्यास अध्यक्ष आदि ने समझाइश कर उन्हें शांत किया।
चौराहे पर लगाए गति अवरोधक
भुट्टों के चौराहे पर सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्था करने के लिहाज से शुक्रवार सुबह ट्रेफिक सीओ प्रतापसिंह डूडी, सदर सीआई लक्ष्मणसिंह एवं नगर विकास न्यास के एक्सईएन ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने वाहनों की गति पर लगाम लगाने के लिए गति अवरोध भी लगवाए। साथ ही स्थाई समाधान के लिए किए जा सकने वाले इंतजामों पर विचार किया।
जरूरी इंतजाम करेंगे
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। तकनीकी खामियां दूर करने के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। खतरनाक चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने और आस-पास के अतिक्रमणों को भी हटवाया जाएगा। इसके लिए यूआईटी और जिला प्रशासन की मदद ली जाएगी।
प्रतापसिंह डूडी, सीओ ट्रेफिक

‘बेलगाम बोल’ पर जताया रोष
हादसे में पल्लवी की मौत के बाद शहर के प्रमुख चौराहों को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह भाजपा नेता श्यामसिंह हाड़लां के नेतृत्व में लोगों का प्रतिनिधि मंडल यूआईटी सचिव आरके जायसवाल से मिलने पहुंचा। इस दौरान न्यास सचिव के कथित संवेदनहीन बोल से लोग आहत होकर आक्रोशित हो गए।
उन्होंने न्यास कार्यालय के सामने ही धरना शुरू कर दिया। इसके बाद न्यास अध्यक्ष महावीर रांका व अन्य अधिकारी पहुंचे। दोनों पक्षों की वार्ता में सचिव जायसवाल के खेद जताने पर मामला शांत हुआ। प्रतिनिधि मंडल में चन्द्रसिंह राजपुरोहित, अयूब अली, राकेश बजाज, श्याम गुप्ता, संजय बंसल आदि शामिल थे।
लोग यूं ही मरते हैं…
भाजपा नेता श्यामसिंह हाड़ला ने आरोप लगाया कि यूआईटी सचिव से मुलाकात करने पर उन्होंने भुट्टों के चौराहे पर हुए हादसे के प्रति संवेदनहीनता दिखाई। जब शहर के चौराहों को दुरुस्त कराने की मांग का ज्ञापन देने पहुंचे तो अधिकारी ने जवाब दिया कि शहर के लोग यूं ही मरते रहते हैं…।
आर्थिक सहायता मिले, व्यवस्था सुधरे
भुट्टों के चौराहे पर हादसे में छात्रा पल्लवी की मौत पर शहरवासियों ने दुख प्रकट किया है। विभिन्न संगठनों ने कलक्टर व पुलिस प्रशासन को अलग-अलग ज्ञापन देकर मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता तथा यातायात सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्थाएं की मांग की।
डॉ. मीना आसोपा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल, पार्षद यशपालसिंह पडि़हार ने अति. पुलिस अधीक्षक शहर पवन मीणा, समाधान संस्थान के डॉ. मिर्जा हैदर बैग ने तिराहों व चौराहों पर ट्रेफिक प्वाइंट बनाने, भाजपा जिला महामंत्री पाबूदान सिंह राठौड़ ने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन दिया।

ट्रेंडिंग वीडियो