जाजपुर में हुई यह घटना कलिंगनगर थाना क्षेत्र के दानागाडी की है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। प्रसव पीड़ा से तड़प रही बेटी को उसका पिता अस्पताल ले गया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लडकी रेलवे में ठेकेदारी करने वाले पिंटू जेना का खाना पानी पहुंचाती थी। बदले में उसे एक हजार रुपया महीना दिया जाता था।
ठेकेदार ने नाबालिग को बहलाफुसला कर नजदीकियां बनाने का प्रयास किया। कुछ और लालच देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। यह बात किसी से न कहने को कहा। साथ ही धमकी भी दी। पांच माह का गर्भ होने पर उसने आशा कर्मी को सारी बातें बता दी। आशा कर्मी ने उसके गर्भवती होने की सूचना उसके परिवार को दी। उसके परिजनों ने पिंटू जेना के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी। नाबालिग के पिता का कहना है कि उसने दो माह पहले पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी पर पुलिस ने कुछ नहीं किया। गुरुवार को उसे प्रसव पीड़ा होने पर आशा कर्मी ने उसे जाजपुर जिला अस्पताल में भरती कराया।
उधर कंधमाल में नाबालिग आदिवासी छात्रा से रेप करके उसे गर्भवती बनाने वाला 16 साल का किशोर गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। उसकी गिरफ्तारी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तुहिमुडा थाना क्षेत्र से की गई। उस पर पॉक्सो समेत कई धाराएं लगाई गईं।