scriptमध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नामों पर चल रही है चर्चा, जल्द खत्म होगा सस्पेंस | madhya pradesh new cm kamalnath place of birth kanpur up | Patrika News

मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नामों पर चल रही है चर्चा, जल्द खत्म होगा सस्पेंस

locationभोपालPublished: Dec 12, 2018 08:02:09 pm

Submitted by:

Manish Gite

मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नामों पर चल रही है चर्चा, जल्द खत्म होगा सस्पेंस

congress

 

भोपाल। मध्यप्रदेश में बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर आई कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों ने अपना नेता चुन लिया। बुधवार को शाम को हुई विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री के नामों पर चर्चा की गई। पर्यवेक्षक ने बैठक में बनी सहमति और सभी सदस्यों से चर्चा के बाद नाम को आलाकमान को पहुंचा दिया है। अब आलाकमान जल्द ही किसी नतीजे पर फैसला करेगा।

मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी कवायद चल रही है। हालांकि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कमलनाथ के नाम की चर्चा हुई। विधायक आरिफ अकील ने उनके नाम का प्रस्ताव किया, और सज्जन सिंह वर्मा, इमरती देवी और विजयलक्ष्मी साधौ ने भी इस बात का समर्थन किया।

पर्यवेक्षक एके एंटोनी के समक्ष विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया अपनाई गई। इसमें अन्य विधायकों ने भी समर्थन दिया है।

अंतिम फैसला राहुल गांधी लेंगे

इधर, विधायक दल की बैठक में विधायक दल का नेता कमलनाथ को चुनने के बाद कांग्रेस की प्रवक्ता शोभा ओझा ने मीडिया को कहा है कि फिलहाल विधायकों ने अपना नेता चुना है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे।

 

कवायदों का तौर खत्म
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ समय से चला आ रहा मुख्यमंत्री पद के नाम को लेकर संशय अब खत्म हो गया है। विधायकों ने कमलनाथ को अपना नेता चुन लिया। पार्टी आलाकामान अब इसका औपचारिक ऐलान कर देगा। विधायकों के इस प्रस्ताव को अब दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अंतिम फैसला लेंगे।
सिंधिया समर्थकों में शक्तिप्रदर्शन

इधर, कांग्रेस की जीत के बाद मध्यप्रदेश में सिंधिया और कमलनाथ समर्थक शक्तिप्रदर्शन कर रहे हैं। वही सिंधिया समर्थक ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री बनाने की मांग के नारे लगा रहे हैं तो कमलनाथ के समर्थक भी शक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले मध्यप्रदेश में मंगलवार देर रात 11 बजे कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। नाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।

मध्यप्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार देर रात को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। नाथ के दावा पेश करते ही राजनीति गर्मा गई है। नाथ ने अपने पार्टी को सबसे बड़ी पार्टी बताया है। नाथ ने उनसे पूरे नतीजे आने के बाद मिलने का समय भी मांगा है।
नाथ ने अपनी चिट्ठी में यह भी कहा है कि चुनाव के नतीजे थोड़ी देर में जारी होने वाले हैं। इसके बाद वे राज्यपाल से मिलना चाहते हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पूर्ण बहुमत होने का दावा किया है।
इससे पहले मंगलवार सुबह शुरू हुई मतगणना में दिनभर कांटे की टक्कर चलती रही। सुबह 8 बजे शुरू हुए रुझान के बाद मंगलवार देर रात को मतगणना जारी थी। रात 11.09 बजे तक कांग्रेस 115 सीटों पर आगे थी, जबकि भाजपा 108 सीटों पर थी। जबकि 7 अन्य प्रत्याशी भी आगे चल रहे थे।
दिग्गजों ने की बैठक
इससे पहले शाम तक पूर्ण बहुमत की उम्मीद के चलते कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने आपात बैठक बुलाई। इसमें कमलनाथ, सिंधिया और दिग्विजय सिंह शामिल थे। उन्होंने सरकार बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
भाजपा में भी खलबली
इधर, चुनाव परिणामों को देखते हुए भाजपा खेमे में निराशा का माहौल है। भाजपा के कई दिग्गज नेता चुनाव हार चुके हैं, वहीं कई जगहों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने बुरी तरह से पटखनी दी है।
कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल
इधर, चुनाव परिणामों में कांग्रेस की बढ़त और जीत का सिलसिला शुरू होने के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो