scriptPM Modi के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस! जानिये क्यों दर्ज करना चाहती है कांग्रेस | Code of Conduct violation case against PM Modi- congress wants | Patrika News

PM Modi के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस! जानिये क्यों दर्ज करना चाहती है कांग्रेस

locationभोपालPublished: Nov 19, 2018 11:45:48 am

कमलनाथ एक वीडियो में कहते हैं कि…

case against PM Modi

PM MOdi के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को लेकर दिए गए बयान के खिलाफ रविवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव आयोग पहुंच गई।

कांग्रेस ने इसे झूठ बताकर मोदी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज करने की मांग की। नेताओं ने शिकायत की है कि मोदी ने छिंदवाड़ा की जनसभा में कहा कि कमलनाथ एक वीडियो में कहते हैं कि गुंडे, चोर, मवाली, उचक्के को भी कांग्रेस टिकट देगी, बस जीतने वाला उम्मीदवार चाहिए।
जबकि, कमलनाथ ने ऐसा कभी नहीं कहा है। कमलनाथ ने इस पर पलटवार कर कहा, उम्मीद थी कि वे छिंदवाड़ा मॉडल की तारीफ करेंगे, लेकिन जो मैंने नहीं कहा उसे मेरे मुंह में परोसकर वे झूठ बोलते रहे।
यहां मोदी बोले: कांग्रेस फ्यूज, नेता कन्फ्यूज :-
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को इंदौर और छिंदवाड़ा की चुनावी सभाओं में कांग्रेस, राहुल गांधी, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर जमकर हमला बोला।
पीएम ने कहा, देशभर में अपना हाल देखकर कांग्रेस पार्टी संतुलन खो बैठी है। जिस पार्टी में नीति नहीं है, नीयत नहीं है, नेता का ठिकाना नहीं है, नेता कन्फ्यूज और पार्टी फ्यूज है, क्या उनके भरोसे आप मध्यप्रदेश का भविष्य देंगे। बोले- इस पार्टी के नामदार को तो यह भी पता नहीं होगा कि 23 हजार करोड़ में कितने शून्य लगते हैं।

मोदी ने छिंदवाड़ा में कहा, कांग्रेस राज में 6 करोड़ लोग राशन, पेंशन और सब्सिडी के नाम पर कागज में फर्जी तौर पर दर्ज थे। देशभर में 90 हजार करोड़ की लूट होती थी।
हमारी सरकार ने आधार और तकनीक के उपयोग से भ्रष्टाचार के ये अड्डे बंद करा दिए, इसीलिए कांग्रेस के मुखिया को गुस्सा आ रहा है। मोदी ने कहा, हमारी युवा पीढ़ी को इंतजार पसंद नहीं है। इनके लिए हम ट्विटर-फेसबुक की गति से काम कर रहे हैं।
वायरल वीडियो का जिक्र कर उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और 15 साल पहले के बेहाल प्रदेश का हाल सुनाकर दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, जिस नामदार (राहुल) को उसकी पार्टी ही सीरियसली नहीं लेती, उसे देश की जनता भी सीरियस नहीं लेगी। जो व्यक्ति कैलाश मानसरोवर होकर आया हो और अनुभव पूछे जाने पर कुछ बता नहीं पाए, जो जेब से मोबाइल निकाल कर मेड इन उज्जैन की बात करे, लेकिन पार्टी के घोषणा पत्र में उसके बारे में कुछ न निकले, उसे क्या कहेंगे।
मोदी ने कहा, मध्यप्रदेश में तो कांग्रेस गाय का गौरवगान कर रही है, वहीं केरल कांग्रेस बछड़ा काटकर उसका मांस खाते हुए वीडियो दिखा रही है। यह आम जनता के साथ धोखा है।


इधर, मोदी ने केसरी को बता डाला दलित…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से अपने भाषण के दौरान बड़ी गलती की है। उन्होंने महासमुंद में सीताराम केसरी को ‘दलित’ बता दिया और कहा कि सोनिया गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस ने उन्हें उठाकर बाहर फेंक दिया। जबकि सीताराम केसरी ‘दलित’ नहीं थे, बल्कि पिछड़े समाज (बनिया) से थे। वे बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर के रहने वाले थे।
मोदी ने छत्तीसगढ़ के महासमुंद में आयोजित एक रैली में कहा कि देश को पता है कि सीताराम केसरी, दलित, पीडि़त और शोषित समाज से आए हुए व्यक्ति को पार्टी अध्यक्ष पद से कैसे हटाया गया? कैसे बाथरूम में बंद कर दिया गया था?
कैसे दरवाजे से निकालकर फुटपाथ पर फेंक दिया गया था? इसके बाद मैडम सोनिया जी को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा दिया गया था।


यहां भाजपाध्यक्ष बोले : गांधी परिवार की प्राइवेट फर्म कांग्रेस:-
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मध्यप्रदेश के उमरिया में कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस गांधी-नेहरू परिवार की प्राइवेट फर्म है। जो इस परिवार में जन्म लेगा, वही इस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को चलाएगा।
सोनिया गांधी के बाद सभी को पता था कि अध्यक्ष कौन बनेगा। लेकिन आप ये नहीं बता सकते कि मेरे बाद भाजपा का अध्यक्ष कौन होगा। उन्होंने कहा, भाजपा में नीति है तभी चाय वाले को पीएम बनाया।
उन्होंने कहा, जिस पार्टी में लोकतंत्र ही नहीं है, वो क्या लोकतंत्र की सेवा करेगी। कमलनाथ पर निशाना साधते हुए बोले- वे बताएं फौज का सेनापति कौन है। शाह ने उमरिया, सिंगरौली, सीधी की चुरहट, रीवा की देवतालाब में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने हर जगह कांग्रेस सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा।

ट्रेंडिंग वीडियो