scriptगाना गाते हुए शिवराज बोले- कांग्रेसी सत्ता की चाह में सारी रात बदलते हैं करवट | Chief Minister Shivraj gave statement against Congress | Patrika News

गाना गाते हुए शिवराज बोले- कांग्रेसी सत्ता की चाह में सारी रात बदलते हैं करवट

locationभोपालPublished: Nov 13, 2018 01:10:37 am

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बूथ लेवल कार्यकर्ताओं से किया संवाद

Chief Minister Shivraj gave statement against Congress

Chief Minister Shivraj gave statement against Congress

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं तो दिन-रात जनता की सेवा में लगा रहता हूं। तीन से चार घंटे ही सो पाता हूं, लेकिन कांग्रेस के मित्रों की नींद सत्ता की चाह में उड़ गई है, वे रातभर करवटें बदलते रहते हैं।

हिंदी भवन में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद शिवराज ने फिल्मी गीत की तुकबंदी को अपने अंदाज में बयां करते हुए ‘करवटें बदलते रहे सारी रात हम…’ गाना भी सुनाया। सीएम ने कहा, राहुल गांधी पानी पी-पी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुझे कोसते हैं। अब तो वे मेरे बेटे पर भी झूठे आरोप लगाने लगे हैं।

 

जोड़ी मध्यप्रदेश में भी बुरी नहीं है

शिवराज ने कमलनाथ-सिंधिया की जोड़ी का नाम लिए बिना कहा, जोडिय़ां तो भाजपा में ही बन सकती हैं, कांग्रेस में नहीं बनती। उन्होंने कहा, देश में नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी है, जो प्रदेश के लिए भाग्यशाली है। इसके पहले अटल-आडवाणी और मुखर्जी-उपाध्याय की जोड़ी थी। बोले, जोड़ी मध्यप्रदेश में भी बुरी नहीं है, यहां शिवराज-राकेश सिंह की जोड़ी है।

2019 में सरकार आई तो देश से घुसपैठियों को करेंगे बाहर: अमित शाह

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते कहा कि 2019 में जब केंद्र में फिर हमारी सरकार आएगी तो हम पूरे देश से घुसपैठियों को बाहर करेंगे। इसके लिए एक राष्ट्रीय अभियान चलाया जाएगा। असम में सर्वानंद सोनवाल की सरकार बनने के बाद वहां हमने एनआरसी बनाकर 40 लाख घुसपैठियों को सूचीबद्ध किया है। कांग्रेस इसे मानव अधिकार का मुद्दा बना रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता एनआरसी के मुद्दे को घर-घर तक पहुंचाएं।

शाह ने कहा, कांग्रेस ने अर्बन माओवाद का पक्ष लेकर जता दिया कि वो माओवाद के प्रति नरम रुख रखती है। अब कांग्रेस यह स्पष्ट करे कि उसका नक्सलवाद को लेकर क्या पक्ष है। शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस चुनाव को संगठन की परीक्षा मानकर चलें। सरकार के कामकाज को वोटर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भले ही चुनावी पंडित यह कहते हों कि कितनी सीटें जीतें, लेकिन हमारा पैमाना है कि हम कितने बूथ जीते। ज्यादा से ज्यादा बूथ पर विजय हासिल करना ही हमारा लक्ष्य है। शाह ने कहा, 2018 का चुनाव सामान्य नहीं है, क्योंकि इसके बाद लोकसभा चुनाव आने वाला है। फिर से हमारी सरकार बने, इसके लिए इस चुनाव में डटकर मेहनत करना है। विधानसभा चुनाव ही 2019 के चुनाव की नींव है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो