scriptपंजाब में बेअदबी के लिए भाजपा के सहयोगी जिम्मेदार:प्रियंका | Priyanka said BJP's allies responsible for insult of guru granth sahib | Patrika News

पंजाब में बेअदबी के लिए भाजपा के सहयोगी जिम्मेदार:प्रियंका

locationभटिंडाPublished: May 14, 2019 06:29:45 pm

Submitted by:

Prateek

बठिंडा में राजा वडिंग के समर्थन में किया जनसभा को संबोधित

pariyanka gandhi

pariyanka gandhi

(चंडीगढ़,बठिंडा): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि भाजपा का सहयोगी अकाली दल ही पंजाब में बेअदबी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। प्रियंका गांधी आज बठिंडा में पार्टी प्रत्याशी अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थी।


गत दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बठिंडा में ही चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। आज प्रियंका के यहां आने के बाद बठिंडा लोकसभा सीट की राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल के दौरान पंजाब जैसे राज्य में हजारों किसानों ने आत्महत्याएं की है। इसके लिए भाजपा व उसके सहयोगी अकाली जिम्मेदार हैं।


कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री मोदी को पंद्रह लाख रुपए खातों में डालने, किसानों की आय दोगुणी करने जैसे मुद्दो पर घेरते हुए कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी केवल झूठे वादे करके देशवासियों को गुमराह कर रही है। उन्होंने नोटबंदी व जीएसटी को देश के लिए सबसे घातक फैसले करार देते हुए कहा कि पंजाब के लोगों ने विधानसभा चुनाव के दौरान अकालियों व भारतीय जनता पार्टी को आइना दिखाने का काम किया है। अब लोकसभा चुनाव में भी पंजाब की जनता भाजपा व अकालियों को मुंह नहीं लगाएगी।


प्रियंका गांधी ने अकाली दल का नाम लिए बगैर कहा कि पूर्व समय के दौरान पंजाब के युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबसे पहले पंजाब आकर नशों के मुद्दे को उठाकर भाजपा की आंखें खोलने का काम किया था। इस अवसर पर बोलते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि बठिंडा लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत नया इतिहास दर्ज करेगी। अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह अब तक सैकड़ों जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। हर जगह लोगों से मिल रहा समर्थन इस बात का गवाह है कि पंजाब के लोग इस चुनाव में अकाली दल व भाजपा को चलता करने के लिए तैयार हैं। राजा वडिंग के समर्थन में पार्टी के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू समेत कई नेताओं ने प्रचार किया।

 

मुश्किल में भी डटकर खड़े होते हैं पंजाबी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बठिंडा में अमरिंदर सिंह राजा वडिंंग के समर्थन में चुनाव प्रचार के दौरान अपने भाषण की शुरूआत पंजाबी से की। प्रियंका ने बोले सो निहाल का जैकारा लगाते हुए कहा कि उनके पति भी पंजाबी हैं। पंजाबी लोग हर मुश्किल का डटकर हंसते हुए मुकाबला करते हैं। पंजाबी कौम हमेशा खुश रहकर चढ़दीकला में रहती है। इसके बाद प्रियंका गांधी ने अपना पूरा भाषण हिंदी भाषा में ही दिया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो