script

बेमेतरा में तीन दिनों तक बहेगी संत समागम की गंगा, प्रकाश मुनि का प्रवचन

locationबेमेतराPublished: Dec 19, 2017 06:14:27 pm

कबीर पंथ के बारहवें वंश गुरू पंथ उग्रनाम साहेब की स्मृति में आयोजित 3 दिवसीय मेले का शुभारंभ पंथ श्रीप्रकाश मुनिनाम के भव्य स्वागत से हुआ।

Sant Kabir, Kabir Panth, Prakash muni, Prakash nam muni, Shri Prakash nam saheb,
बेमेतरा. कबीर पंथ के बारहवें वंश गुरू पंथ उग्रनाम साहेब की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ नगर के रायपुर मार्ग में पंथ श्रीप्रकाश मुनिनाम साहेब के भव्य स्वागत से हुआ। मेले में शामिल होने के लिए सुबह से ही जिला मुख्यालय के आस-पास ग्रामीण क्षेत्रों से संत कबीर के अनुयायी पहुंचने लगे। आयोजन समिति के अनुसार लगभग 20 हजार कबीर पंथी ट्रेक्टर सहित अन्य साधनों से मेले में शामिल होने पहुंचे। सैकड़ों मोटर साइकिल की आगवानी के साथ पंथ श्री दोपहर तीन बजे नगर में रायपुर मार्ग से पहुंचे। जहां से पंथ श्री के मार्गदर्शन में भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई।
फूलों से सजे रथ पर पंथ श्री मंचस्थ

फूलों से सजे रथ पर पंथ श्री व अन्य संत मंचस्थ थे। शोभायात्रा के साथ हजारों कबीर पंथी, सैकड़ों कलशधारी महिलाएं पदयात्रा करते हुए चार किमी की दूरी तय कर आयोजन स्थल पहुंचे। शोभायात्रा में कर्मा नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, रामधुनी सहित अन्य नृत्य मंडली के सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में आर्कषक नृत्य प्रस्तुत कर रहे थे। भव्य आतिशबाजी व बैंडबाजे के साथ शोभायात्रा शाम करीब छह बजे आयोजन स्थल पहुंची।
पुष्प वर्षा से स्वागत
शाोभायात्रा के स्वागत में समाज के सभी वर्ग के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। नगर में जगह-जगह प्रकाश मुनि का स्वागत किया गया। शोभायात्रा मार्ग के किनारे स्टॉल लगाकर नाश्ता, फल, पानी पाउच आदि वितरण किया गया। शोभायात्रा का सांसद ताम्रध्वज साहू, विधायक अवधेश सिंह चंदेल, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, विजय सुखवानी, सुमन गोस्वामी, जोगी कांग्रेस से योगेश तिवारी, राजकुमार तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
तीन दिवसीय मेले के लिए बड़ी संख्या में कबीर के अनुयायी पहुंच रहे हैं। शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाएं रखने सुबह से ही चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे। एसपी डी. गर्ग व्यवस्था बनाएं रखने के लिए स्वयं मानीटरिंग करते रहे। अनुमान से अधिक लोगों के पहुंचने से पुलिस को व्यवस्था बनाएं रखने में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आयोजन के दौरान कार्यक्रम स्थल व यातायात व्यवस्था के लिए पांच सौ से अधिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा भी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
यह कार्यक्रम होंगे
मेले के दूसरे दिन 20 दिसम्बर कार्यक्रम का शुभारंभ गुरू महिमा पाठ से होगा। दोपहर दो बजे पंथ श्री का प्रवचन होगा। प्रवचन के बाद भेंट बंदगी एवं भजन कीर्तन होंगे। बुधवार को ही मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। मेले के तीसरे दिन 21 दिसंबर को सुबह 8 बजे गुरू महिमा पाठ एवं दोपहर बाद सात्विक यज्ञ व चौका आरती होगी।
मेला स्थल पर भोजन की व्यवस्था
मेले में शामिल लोगों के लिए वहां पर भोजन की व्यवस्था की गई है। पाकशाला में पुरुषों के अलावा महिलाएं भी सेवाएं दे रही हैं। बताना होगा कि मेले में छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों के कबीर के अनुयायी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। मेला स्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग की जरुरी दवाइयां, पूछताछ और सहायता केंद्र के लिए अलग से पंडाल लगाए गए हैं। संत कबीर से संबंधित साहित्य के अलावा आधायत्मिक किताबों के भी स्टाल लगे हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो