अस्पताल स्टाफ पर आरोप भमोरा क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी को जहरीले कीड़े ने काट लिया था जिसके बाद उसे बदायूं रोड के निजी अस्पताल में सोमवार शाम को भर्ती कराया गया था। बेहोश होने के कारण किशोरी को आईसीयू में भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा था। शुक्रवार को जब किशोरी की हालत में सुधार हुआ तो उसे आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया गया जहाँ उसने अपनी दादी को बताया कि बुधवार रात अस्पताल के कम्पाउंडर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे इंजेक्शन लगा उसके हाथ पैर बाँध दिए और उसके साथ गैंग रेप किया। मुंह पर आक्सीजन का मास्क लगा होने की वजह से वो चिल्ला भी नहीं पाई। सुबह जब वो उठी तो उसके कपड़े भी गायब थे। कम्पाउंडर से पूछने पर उसने बताया कि कपड़े पिता को दे दिए है। पिता के आने पर उसने इशारे में उनको बताने की कोशिश की लेकिन वो उसकी बात को समझ नहीं पाए।
पुलिस ने शुरू की जांच परिजनों को जब लड़की ने आप बीती सुनाई तो हड़कंप मच गया और लड़की के पिता ने इसकी जानकारी सुभाषनगर पुलिस से की। जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पिता ने इस बात की शिकायत विधायक पप्पू भरतौल से की जिसके बाद विधायक ने आईजी से बात की। जिसके बाद सुभाषनगर पुलिस अस्पताल पहुंची और पूछताछ की।