script

विस के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा भाजपा की सरकार हर मोर्चे पर फेल, कांग्रेस सत्ता में आई तो पूर्ण शराबबंदी के साथ सभी के लिए योजनाएं

locationबालोदPublished: Sep 22, 2018 10:14:24 pm

जन सुझाव के लिए बालोद पहुंचे विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो प्रदेश में हर वर्ग के लिए योजना बनेगी। पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी।

balod patrika

विस के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा भाजपा की सरकार हम मोर्चे पर फेल, कांग्रेस सत्ता में आई तो पूर्ण शराबबंदी के साथ सभी के लिए योजनाएं

बालोद. जन सुझाव के लिए बालोद पहुंचे विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो प्रदेश में हर वर्ग के लिए योजना बनेगी। पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी।

शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सिंहदेव ने प्रदेश सरकार की योजनाओं को दिखावा बताते हुए कहा कि सरकार बोलती है विकास हुआ है, पर जब जनसुनवाई और जनचौपाल में जनता से चर्चा होती है तो बातें सामने आ रही है कि कहीं विकास नहीं हुआ। योजनाएं बनाई गई, पर उसे धरातल पर नहीं ला सके। आज भी लोगों को इसका लाभ नहीं मिलता। किसान परेशान हैं। इस दौरान विधायक भैया राम सिन्हा, विधायक अनिला भेडिय़ा, जिला अध्यक्ष कृष्णा दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर व अभिषेक शुक्ला आदि उपस्थित थे।

टिकट तय नहीं, पर खोज रहे जो चुनाव जीता सके
पत्रकारों के जिले के विधानसभा सीटों पर किन्हें चुनावी मैदान में उतारेंगे के सवाल पर उन्होंने कहा अभी तय नहीं है किसे टिकट दें, पर पार्टी ऐसे व्यक्ति को देख रही है जो चुनाव जीत सके। इसके लिए सभी तरफ से जांच-पड़ताल चल रही है। उन्होंने जोगी कांग्रेस व बसपा की पार्टी के गठबंधन पर कहा कि उनके गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। चुनाव में सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के बीच ही टक्कर चलेगी।

विशेषज्ञों और राजनीतिज्ञों के सहयोग से बनेगा घोषणा पत्र
नेता प्रतीपक्ष सिंहदेव ने कहा जो जनसुझाव ले रहे हैं उसमें अलग-अलग स्तर के मामले आ रहे हैं। अभी तक 19 जिलों में जनसुझाव पत्र भराए गए हैं। इनमें आए हुए पत्रों की जांच संबंधित विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। साथ ही राजनीति में दक्ष लोगों का सहयोग लिया जाएगा। जो जरूरी है उसी को घोषणा पत्र में शामिल करेंगे।

सिंहदेव ने यह भी कहा
जब तक बिलासपुर लाठीचार्ज मामले में कार्र्रवाई नहीं की जाएगी तब तक प्रधानमंत्री और रमन सिंह के कार्यक्रमों का कांग्रेस विरोध करेगी। कई बार विधायकों की विकास निधि की राशि अफसर लैप्स कर देते हैं। ऐसे में जब काम नहीं होता तो विधायकों की बेइज्जती होती है। हमारी सरकार में खनिज न्यास निधि का उपयोग सही कार्यों में होगा, कलक्टर, अधिकारी कोई इसका दुरूपयोग नहीं कर सकेगा।

खुद वाहन चलाते बस स्टैंड में व्यापारियों से मिलने पहुंचे सिंहदेव
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव इन दिनों अपने 2 दिवसीय प्रवास पर बालोद जिले में हैं। गुरुवार को दल्लीराजहरा के सर्किट हाउस में कांग्रेसियों सहित आमजन से चर्चा की। रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार एक बजे बालोद पहुंचे। जहां उन्होंने ट्रांजिट हॉस्टल में जाकर बच्चों से मुलाकात की और उनसे उनकी पढ़ाई पर चर्चा की। उसके बाद टीएस सिंहदेव बस स्टैंड पहुंच कर वहां के व्यापारियों से मुलाकात कर उनके व्यवसाय तथा आय-व्यय की जानकारी ली। सादगी के धनी सिंहदेव खुद वाहन चलाते हुए नगर पहुंचे थे। उनके साथ विधायक भैयाराम सिन्हा, डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेडिय़ा, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे, पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, मीना सत्येंद्र साहू, अभिषेक शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, विनोद टावरी, दुल्लीचंद गोयल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

10 लाख के बस स्थानक का किया लोकार्पण
प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव बालोद दौरे पर नगर के बहु प्रतीक्षित बस स्टॉप का लोकार्पण किया। उसके बाद नगर के भ्रमण पर निकले। बालोद अस्पताल के सामने लगभग 10 लाख रुपए की लागत से बने बस स्थानक की शुरुआत की। पहले उन्होंने छात्रावास में छात्राओं से रूबरू हुए। वहीं बस स्टैंड में बंदे मातृ स्तनपान कक्ष की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का एकमात्र मॉडल है, ऐसी पहल सभी को करना चाहिए। सिंहदेव यहां अलग दिखे जब दो विधायक भैयाराम सिन्हा व अनिला भेडिय़ा के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर को लेकर वे स्वयं कार चलाते घूम रहे थे।

ट्रेंडिंग वीडियो