script

नक्सलियों ने ग्रामीण को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

locationबालाघाटPublished: Dec 01, 2018 08:28:32 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

डेढ़ दर्जन नक्सली थे मौजूद, नक्सलियों की दिनोंदिन बढ़ रही है सक्रियता, जवानों को किया अलर्ट, पुलिस ने बढ़ाई सर्चिंग

balaghat news

नक्सलियों ने ग्रामीण को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

बालाघाट. रूपझर थाना अंतर्गत ग्राम पोलापटपरी निवासी नान्हो मरकाम (45) को नक्सलियों ने शुक्रवार की शाम को गोली मार दी। गोली लगने से नान्हो घायल हो गया। जिसे शनिवार को दोपहर बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद ही इस घटना का खुलासा हो पाया है। घायल की माने तो 17-18 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। एसपी जयदेवन ए ने इस घटना की पुष्टि भी की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से सर्चिंग भी बढ़ा दी गई है।
जिला अस्पताल में भर्ती घायल नान्हो मरकाम के अनुसार वह मतदान होने के एक दिन पूर्व लकड़ी चुनने के लिए जंगल गया था, जहां उसे वर्दी में नक्सली दिखे थे। नान्हो को देखने पर नक्सलियों ने उसे पास भी बुलाया, लेकिन वह भागकर घर आ गया। इसके बाद वह फिर शुक्रवार को एक बार फिर जंगल उसी क्षेत्र में गया था, जहां उसे फिर से नक्सली दिखे। नक्सलियों ने एक बार फिर उसे अपने पास बुलाया, लेकिन वह भाग खड़ा हुआ। इसी दौरान नक्सलियों ने गोली चला दी। यह गोली उसके बाएं साइड के कुल्हे में लगी। शुक्रवार को रात हो जाने के कारण वह अस्पताल नहीं पहुंच पाया था। इधर, शनिवार को उसे घायल अवस्था में उपचार कराने के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इसके बाद ही घटना का खुलासा हो पाया है। इधर, डॉ. दबड़घाव की माने तो गोली अभी भी शरीर में है। जिसका उपचार किया जा रहा है। विदित हो कि इसके पूर्व हट्टा थाना क्षेत्र के गोदरी के जंगल में भी पुलिस और नक्सली की मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड के दौरान एक ग्रामीण की मौत भी हुई थी। हालांकि, पुलिस पहले उसे नक्सली मान नही थी। लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त डबारी क्षेत्र के निवासी के रुप में हुई और उसकी मौत गोली से नहीं बल्कि गिरने के सिर में चोट लगने से हुई थी। इसी तरह कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में भी सर्चिंग के दौरान पुलिस को नक्सल सामग्री मिली थी। इससे स्पष्ट हो रहा है कि जिले में नक्सलियों की सक्रियता बढऩे लगी है।
मलाजखंड दलम के सदस्य होने की संभावना
एसपी जयदेवन ए की माने तो इस क्षेत्र में मलाजखंड दलम सक्रिय है। इस कारण जिन नक्सलियों ने गोली चलाकर ग्रामीण को घायल किया है, वे इसी दल के सदस्य हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में 17नक्सली सक्रिय है, घटना के दौरान भी इतने ही नक्सली मौजूद थे। जिसमें दो महिला नक्सली शामिल है।
जंगलों में बढ़ाई सर्चिंग
जिले में बढ़ती नक्सल गतिविधियों को देखते हुए जंगलों में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। लगातर नक्सल उन्मूलन पर कार्य किया जा रहा है। जवानों को अलर्ट कर दिया गया है। खासतौर पर उन क्षेत्रों पर ज्यादा निगरानी रखी जा रही है, जिन क्षेत्रों से नक्सलियों का आवागमन होता है। बार्डर क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन की कार्रवाई भी चल रही है।
इनका कहना है
नान्हो मरकाम नामक ग्रामीण को नक्सलियों ने गोली मारी है। जिसका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। मलाजखंड दलम के १७ नक्सली इस घटना में मौजूद थे। जिले से नक्सलियों का सफाया करने के लिए लगातार सर्चिंग की जा रही है।
-जयदेवन ए, एसपी, बालाघाट

ट्रेंडिंग वीडियो