scriptकुएं में मृत अवस्था में मिला तेंदुए का शव | Leopard dead in a well | Patrika News

कुएं में मृत अवस्था में मिला तेंदुए का शव

locationबालाघाटPublished: Feb 17, 2019 09:10:39 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार, जंगलों से गांव की ओर आने वाले वन्य जीवों की लगातार हो रही है मौतें

balaghat

कुएं में मृत अवस्था में मिला तेंदुए का शव

बालाघाट/चांगोटोला. जिले में वन्य जीवों की मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। कभी शिकारियों द्वारा तो कभी वन्य जीव स्वयं ही काल के गाल में समा रहे है। बावजूद इसके वन विभाग द्वारा वन्य जीवों को जंगल से गांवों की ओर आने से रोक नहीं पा रहा है। ताजा मामला नगरवाड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत पाटादेह गांव का है। जहां एक तेंदुए की कुएं में गिरने से मौत हो गई। रविवार को सूचना मिलने पर वन अमले ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के शव को बाहर निकालकर उसका पीएम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया। नगरवाड़ा वनपरिक्षेत्र के पाटादेह गांव निवासी रामसिंह ठाकरे के कुएं में एक तेंदुए का शव मिला है। शव दो दिन पुराना होने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा। शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की। शव का पीएम कराकर अंतिम संस्कार भी कर दिया। रेंजर नागेश्वर, डिप्टी रेंजर भिमटे की माने तो यह तेंदुआ जंगल से भटककर गांव की ओर आ रहा होगा। इसी दौरान कुएं में गिरने से उसकी मौत हुई होगी।
शनिवार को दी सूचना, रविवार को पहुंचा वन अमला
बताया गया है कि ग्रामीणों ने कुएं में तेंदुए का शव होने की सूचना शनिवार को ही वन विभाग को दे दी थी, लेकिन वन अमला रविवार को मौके पर पहुंचा। रविवार को रेंजर, डिप्टी रेंजर और वन अमला मौके पर पहुंचा था। वन अमले ने कुएं से तेंदुए के शव को बाहर निकाला। हालांकि, दो दिन से तेंदुए का शव पानी में होने के कारण वह खराब होने लगा था। जिसके चलते उसका अंतिम संस्कार मौके पर ही कर दिया गया।
भोजन की तलाश में गांव पहुंच रहे वन्य जीव
जंगलों में वन्य जीवों को भोजन नहीं मिल पाने के कारण अब वे गांवों की ओर आ रहे है। जिसके कारण वे या तो शिकारियों का शिकार हो रहे है या फिर स्वयं ही कुएं या अन्य किसी माध्यम से काल के गाल में समा रहे है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो