स्टेडियम के कंकड़-पत्थर वाले ट्रेक पर दौड़े पूर्व सैनिक और खिलाड़ी

आजादी के अमृत महोत्सव में सैनिक कल्याण विभाग ने कराया आयोजन

<p>स्टेडियम के कंकड़-पत्थर वाले ट्रेक पर दौड़े पूर्व सैनिक और खिलाड़ी</p>
विदिशा. स्टेडियम का कंकड़-पत्थर वाला ट्रेक खिलाडिय़ों और धावकों के लिए मुश्किल बन रहा है। इसे दुरुस्त करने का भी फिलहाल कोई प्लान नहीं है। ऐसे में घायल होते हुए भी खिलाड़ी इस पर दौडऩे को मजबूर हैं। ऐसे ही ट्रेक पर सोमवार को सैनिक कल्याण विभाग ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यहां पूर्व सैनिक संगठन के सहयोग से दौड़ का आयोजन किया। इस दौड़ में पूर्व सैनिकों के साथ बालक-बालिका खिलाडिय़ों ने भी हिस्सा लिया और विजेताओं ने मैडल हासिल किए। दौडऩे वाले धावक स्टेडियम के इस पथरीले ट्रेक पर फिसलते भी दिखाई दिए।

पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष राजाराम राजपूत ने बताया कि इस दौड़ में 11 पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लेकर 400 मीटर की दौड़ लगाई। जबकि बालक और बालिकाओं के वर्ग में 800 मीटर की दौड़ का आयोजन हुआ। तीनों वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय क्रम पर रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से 14 वीं बटालियन एनसीसी के कर्नल अरविंद राणा, विधायक शशांक भार्गव तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज कटारे ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा प्रमाणत्र प्रदान किए गए। दौड़ में 11 पूर्व सैनिकों, 25 बालिकाओं और 35 बालकों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन से जिलाध्यक्ष राजपूत के साथ ही मुश्ताक खान, रामनारायण मैना, विजय भटनागर, भास्कर बिजवे, संतोष श्रीवास्तव आदि अनेक पूर्व सैनिक मौजूद रहे।


दौडऩे के लायक नहीं है ट्रेक
खेल स्टेडियम का ट्रेक दौडऩे लायक बिल्कुल नहीं बचा है। यहां बड़े कंकड़-पत्थर धावकों को परेशानी में डाल सकते हैं। आज पता चला कि यहां दौडऩा बहुत रिस्की हो सकता है। खेल और खिलाडिय़ों के हित में इसे तुरंत सुधारा जाना चाहिए।
-राजाराम राजपूत, जिलाध्यक्ष, पूर्व सैनिक संगठन


बारिश के बाद ट्रेक पर कंकड़-पत्थर उभर आए हैं। अभी स्टेडियम में ड्रेनेज का काम होना है, उसमें फिर ट्रेक प्रभावित हो सकता है, इसलिए ट्रेक को अभी सुधरवाने का औचित्य नहीं है। ड्रेनेज कार्य पूरा होते ही ट्रेक सुधरवाया जाएगा। ट्रेक का रिनोवेशन होना है।
-पूजा कुरील, जिला खेल अधिकारी विदिशा
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.