शुक्रवार शाम से सोमवार की सुबह तक नगर में लॉक डाउन

विदिशा, गंजबासौदा, सिरोंज, कुरवाई, लटेरी, शमशाबाद शहर भी रहेंगे बंद

<p>शुक्रवार शाम से सोमवार की सुबह तक नगर में लॉक डाउन</p>
विदिशा. कोरोना संक्रमण से बुरी तरह जूझ रहे विदिशा नगर सहित अब जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में शुक्रवार की शाम 6 बजे से सोमवार की सुबह 6 बजे तक संपूर्ण लॉक डाउन रहेगा। प्रदेश सरकार ने इस बारे में आदेश जारी कर कलेक्टर को निर्देशित किया है। यह आदेश जिले के विदिशा, गंजबासौदा, सिरोंज, कुरवाई, लटेरी और शमशाबाद नगरों में प्रभावी रहेगा। वहीं क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में पांच हजार से ज्यादा आबादी वाले गांव में भी रविवार के लॉक डाउन पर सहमति बनी है।
इन गतिविधियों को रहेगी लॉकडाउन से छूट
1. माल सेवाओं का आवागमन।
2. केमिस्ट, राशन दुकानें, अस्पताल, पेट्रोल पंप, बैंक, एटीएम, दूध, सब्जी की दुकानें।
3. औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों, अधिकारियों और कर्मचारियों के आवागमन।
4. केंद्र और राज्य सरकार तथा स्थानीय निकाय के स्टॉफ का आवागमन।
5. परीक्षाओं से संबंधित स्टॉफ।
6. एंबूलेंस और फायर बिग्रेड सेवाएं।
7. बस स्टेंड और रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली यात्री।
पांच हजार से ज्यादा आबादी वाले गांव में रविवार लॉकडाउन
गुरुवार को हुई क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी है कि पांच हजार या इससे ज्यादा आबादी वाले सभी ग्रामों में भी रविवार को लॉक डाउन रखा जाए। हालांकि इसके अभी अधिकृत आदेश जारी नहीं हुए हैं, लेकिन पूरी संभावना है कि इस रविवार से ज्यादा आबादी वाले गांव में लॉकडाउन हो सकता है। इनमें अहमदपुर, ग्यारसपुर, अटारीखेजड़ा, हैदरगढ़, त्योंदा, पठारी, उदयपुर, नटेरन, मंडीबामोरा जैसे कई गांव शामिल हो सकते हैं। बैठक में कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक शशांक भार्गव और शमशाबाद विधायक राजश्री सिंह सहित कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीइओ सहित अनेक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में शासन की पूरी गाइडलाइन और जिले के हालातों पर चर्चा हुई।
हालात बिगड़े तो बढ़ सकता है लॉकडाउन
जो हालात इस समय विदिशा शहर के हैं, उससे इस बात की भी आशंका है कि आने वाले दिनों में विदिशा शहर में कुछ दिन का लॉकडाउन लग सकता है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार हॉट स्पॉट क्षेत्र, कंटेंनमेंट जोन में सात से दस दिन का लॉकडाउन जिला कलेक्टर लागू कर सकते हैं।
जिले में 54, विदिशा में 38 नए केस
इस बीच गुरूवार को जिले में 54 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिनमें से सर्वाधिक 38 सिर्फ विदिशा के हैं। नए संक्रमितों में सिरोंज के 7, बासौदा-कुरवाई के 1-1, ग्यारसपुर के 3, लटेरी के 4 संक्रमित शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4469 हो गई है। जिले में अब एक्टिव केस भी तेजी से बढ़ते हुए 424 हो गए हैं। गुरूवार को 554 केस की रिपोर्ट आई है, जबकि 559 नए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
माधव उद्यान में शाम का घूमना प्रतिबंधित
कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने आगामी आदेश तक माधव उद्यान तथा इंदिरा-राजीव उद्यान में शाम को आना-जाना और घूमना प्रतिबंधित कर दिया। उद्यान पर सूचना लगा दी गई है और घूमने के वक्त पर यहां ताला लगा रहेगा। बता दें कि यहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में शहर के लोग नियमित रूप से घूमने आते हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.