फार्म हाउस पर पहुंचे सीएम शिवराज, कहा- कमलनाथ ने की प्रदेश में राजनैतिक भ्रष्टाचार की शुरुआत

सीएम शिवराज ने कहा कमलनाथ करें तो मैनेजमेंट, भाजपा करे तो खरीद फरोख्त, वादा नहीं निभाने वाली सरकार थी कमलनाथ सरकार..

विदिशा. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव के बाद पहली बार रविवार को अपने फार्म हाउस पर पहुंचे। फार्म हाउस में सीएम ने फल-सब्जियों तथा डेयरी का कामकाज देखा। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कमलनाथ ने प्रदेश में राजनैतिक भ्रष्टाचार की शुरुआत की है। उन्होंने भ्रष्टाचार का विकेंद्रीकरण किया है। हम किसी के पास नहीं गए, कांग्रेस के लोग ही परेशान होकर हमारे पास आए तो इसमें गलत क्या है।

कमलनाथ पर सीएम का तंज
कमलनाथ पर तंज कसते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि कमलनाथ करें तो मैनेजमेंट और भाजपा करे तो खरीद फरोख्त, ये कौन सी बात हुई। उनकी सरकार ही इतने गलत तरीके से चली। शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि कमलनाथ सरकार ने पूरे मप्र को तबाह करने करने का काम किया, जो वादा जनता से किया था वो वादा नहीं निभाया, कमलनाथ की सरकार वादा नहीं निभाने वाली सरकार थी। इस दौरान सीएम शिवराज ने आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ अभी भी भाजपा के विधायकों को फोन लगाकर प्रलोभन दे रहे हैं और वही विधायक हमें आकर बता देते हैं।

देखें वीडियो-

 

 

https://youtu.be/-fvLFroRwf8

चुनाव परिणाम और नाराजगी पर बोले सीएम
10 नवंबर को आने वाले उपचुनाव के परिणामों को लेकर सीएम शिवराज ने कहा कि चुनाव नतीजे पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में होंगे और प्रदेश में भाजपा की भारी विजय होगी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी पर शिवराज ने कहा कि कोई नाराज नहीं है, कांग्रेस से आए कार्यकर्ता अब भाजपा के हो चुके हैं, हम सब मिलकर काम करेंगे। वहीं दीपावली किसकी मनेगी इस सवाल पर सीएम ने कहा कि दीपावली जनता की मनेगी। वहीं प्रदेश में बढ़ रही हत्याओं के सवाल पर सीएम शिवराज ने कहा कि अन्याय और अत्याचार करने वाले तत्व कुचल दिए जाएंगे। मेरे सीधे निर्देश हैं और मैं परिणाम देखूंगा। परिणाम नहीं आए तो फैसला करुंगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.