भगवान श्रीराम ने किया रावण का संहार, पुतला दहन कर मनाया विजयादशमी का पर्व

नहीं निकला चल समारोह, कुण्ड में जगत जननी का विसर्जन

<p>Lord Shri Ram killed Ravana, celebrated the festival of Vijayadashami by burning his effigy</p>

उमरिया/पाली. असत्य पर सत्य की जीत का पर्व दशहरा नगर सहित जिले में धूमधाम से मनाया गया। मंगल भवन में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां रावण का दहन भगवान श्रीराम ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं दशहरा पर्व शुक्रवार को नगर की धर्मपीठ बहराधाम में परंपरागत तरीके से मनाया गया। इस मौके पर श्री रघुराज मानस कला मंदिर द्वारा आयोजित श्रीराम लीला में श्रीराम एवं रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया जिसमें भगवान श्रीराम द्वारा रावण का संहार किया गया। रावण का अंत होते ही चारों दिशाएं विजयघोष से गूंज उठी। इस अवसर पर विशाल रावण के पुतले का दहन भी किया गया। आयोजक मंडल द्वारा इस बार बहराधाम में लगभग 60 फिट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया था। इसी तरह बिरसिंहपुर पाली में कालरी ग्राउण्ड में जनरल मैनेजर एसईसीएल के मुख्य आतिथ्य में दशहरे का आयोजन किया गया।
अस्थाई कुण्ड में हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन
विजयदशमी पर्व पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शासन द्वारा बनाए गए अस्थाई कुण्ड में किया गया। प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए फिल्टर प्लांट, खलेसर घाट तथा ज्वालामुखी घाट में कुण्ड बनाए गए थे, जिसमें विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही जिले में विजय दशमी पर्व में दुर्गा विसर्जन एवं रावण दहन के समय पुलिस बल की तैनाती के साथ वन रक्षकों एवं कोटवारों की मदद ली गई। इसी तरह बिरसिंहपुर पाली में गंजरा नाला एवं पाली एमपीईबी कालोनी में बनाए गए कुण्ड में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं नौरोजाबाद, चंदिया, करकेली में भी अस्थाई कुण्ड में विसर्जन किया गया। विसर्जन के पूर्व दुर्गा पंडालों में सुबह से ही भक्तों द्वारा हवन एवं भण्डारें का आयोजन किया गया जिसमें नगरवासियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर माता का आर्शीवाद प्राप्त किया।
सीईओ ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में की पूजा
मुख्य कार्य पालन अधिकारी जिला पंचायत ईला तिवारी ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कालोनी में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा मां सरस्वती एवं श्री गणेश की स्थापना की मुख्य अतिथि रहीं। प्रधान पुजारी अखिलेश मिश्रा ने पूजा संपन्न कराई।
मंदिर समिति ने जवारों का विसर्जन
बिरसिंहपुर पाली स्थित मां विरासिनी बोये गये जवारों का विसर्जन मंदिर संचालन समिति कमेटी के द्वारा विधि-विधान से किया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में काली नृत्य किया गया। अनुविभागीय अधिकारी पाली नेहा सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आभा त्रिपाठी ने भी जवारा विसर्जन सगरा घाट में किया। इस अवसर पर तहसीलदार अभिषेक पांडेय एसडीओपी जितेंद्र सिंह जाट, नायाब तहसीलदार राजेश पारस, समाज सेवी पं. प्रकाश पालिवाल, बृजेश तिवारी, रविप्रेम चांदनी, नमन गुप्ता, मोना यादव, धु्रव अग्रवाल, नितिन वासवानी, अमन मोटवानी सहित नगरवासी उपस्थित रहे। कोरोना काल को देखते हुए जवारा जुलूस नहीं निकाला गया।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.