अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की बर्फीली हवाओं ने ठिठुरा शहर

दिन के पारे में 3.5 डिग्री और रात में 2 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज

<p>दिन के पारे में ३.५ डिग्री और रात में २ डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज</p>

उज्जैन. उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा का असर शहर में भी दिखाई दे रहा है। पूरे दिन ठंडी हवा चलती रहीं। रात और दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस कारण सर्दी बढ़ गई है।
ठंड ने अपना असर फिर से दिखा दिया है। गुरुवार की सुबह कोहरे के बीच हुई। सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता करीब 300 मीटर रही। एेसे में वाहन हेडलाइट चालू कर चलाने पड़े। जैसे-जैसे दिन बढ़ा वैसे-वैसे कोहरा कम हो गया। वहीं दिनभर बादल छाए रहे। ठंडी हवा चलती रही। हालांकि दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप भी निकली, लेकिन ज्यादा राहत नहीं मिली। गुरुवार को शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज 7.5 डिग्री का ही अंतर रहा। अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह एक रात के पूर्व की तुलना में 2.0 डिग्री कम रहा।
मौसम वैज्ञानियों के अनुसार दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सिस्टम का असर एक-दो दिन रहेगा। इस दौरान मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद एक बार फिर पारे में और गिरावट होने के साथ सर्दी में बढ़ोतरी होगी। इस लिहाज से वर्ष 2019 की विदाई और नए वर्ष का आगमन कड़ाके की ठंड में होने के आसार हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.