भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन भी विधायकों को मिली टिप्स

प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गहलोत और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद…।

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को दूसरा दिन था। इस शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री भी शामिल हुए। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय समेत लगभग सभी विधायक शामिल हुए हैं। यहां केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी विधायकों को पार्टी के लिए काम करने के तरीकों को समझाया। इनके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों को पार्टी और जनता के बीच तालमेल की भी बारीकियां समझाईं।


शनिवार को भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का दूसरा दिन था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को सुबह 10 बजे इंदौर से सीधे उज्जैन पहुंचे। इसके बाद सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विधायकों को कई बातें कहीं जिसे उन्हें हमेशा याद रखने को कहा। सीएम ने कहा कि आप गहराई के साथ सामाजिक और राजनीतिक स्थिति का अध्ययन करें। अपने विचार और परिवार को समझिएं और चिंतन करें कि समाज ने आपको जनप्रतिनिधि चुना है, तो आपके सामाजिक दायित्व क्या-क्या हैं। चौहान ने कहा कि हमें इस बात पर गर्व है कि हम उस दल के विधायक हैं, जिसकी प्रेरणा राष्ट्रवाद है। लक्ष्य अंत्योदय है और मंत्र सुशासन। हमें मिलकर गौरवशाली, वैभवशाली, समृद्धशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण करना है।

 

चौहान बोले-कार्यकर्ताओं का सम्मान करें

चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता बड़े लक्ष्य के लिए बनते हैं। इसलिए विधायकों को इस बात का हमेशा ध्यान रखना होगा कि जो कार्यकर्ता विचार के लिए लड़ता है और आपको विधायक बनाने के लिए संघर्ष करता है। उसके प्रति सम्मान और स्नेह में कोई कमी नहीं आए।

 

और क्या बोले सीएम

आज दुनिया भाजपा के सुशासन के कारण भारत के पराक्रम का लोहा मान रही है।
धारा-370, राम मंदिर, सीएए और तीन तलाक जैसे अविश्वसनीय काम पूरे हो गए।
कोरोना काल में हमारे नेतृत्व की क्षमताओं का लोहा दुनिया मान रही है।

तोमर ने किए महाकाल के दर्शन

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर। देश की खुशहाली की प्रार्थना की। बताया जा रहा है कि तोमर ने बाबा महाकाल से जल्द किसान आंदोलन को खत्म कराने की भी प्रार्थना की। कृषि मंत्री ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को किसान बिल की कोई जानकारी नहीं है। तोमर ने शुक्रवार रात को महाकाल की शयन आरती में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि राहुल के नेतृत्व में विपक्ष कमजोर हो रहा है, जो परिवार के लिए राजनीति करते हैं, उनको किसी और के लिए बोलनेका अधिकार नहीं है। केंद्र सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों से चर्चा कर रही है। तोमर ने बताया कि हमने प्रस्ताव दिया है कि यदि वे चर्चा करेंगे तो हम आगे बढ़ेंगे। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव और सांसद अनिल फिरोजिया भी तोमर के साथ थे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.