नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही- पेड़ ने ले ली युवक की जान

नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही- पेड़ ने ले ली युवक की जान

मोहम्मद इलियास/उदयपुर
अलीपुरा मठ क्षेत्र में चबूतरे पर लगे पीपल पेड़ की शाखा टूटकर सडक़ गिरने से दम्पती गिर गए। हादसे में पति की मौत हो गई तथा पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि बिच्छुघाटी निवासी शाहिद (35) अपनी पत्नी आसमा को लेकर अपने ससुराल मठ पर आया था। शाम को वह स्कूटी से पत्नी को लेकर घर लौट रहा था। मठ पर वह चबूतरे के पास निकला तभी वहां पीपल के पेड़ की शाखा टूटकर दम्पती के ऊपर आ गिरी। लोगों ने मशक्कत कर दम्पती को बाहर निकल समीप ही निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां शाहिद की मौत हो गई तथा पत्नी आसमा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर मृतक व घायल के रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही उनकी रुलाई फूट पड़ी। भूपालपुरा थाना पुलिस ने शव एमबी. चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया। इधर, घायल महिला की भी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
दूसरे दिन फिर गिरा पेड़
अलीपुरा मठ क्षेत्र में पीपल पेड़ की डाल टूटकर गिरने से युवक की मौत के दूसरे ही दिन भूपालपुरा क्षेत्र में एक और पेड़ गिर गया। संयोग से एक स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया। दो दिन में दो पेड़ गिरने से हुए हादसे के चलते लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही को खूब कोसा। इधर, शनिवार को गिरे पेड़ से कालकवलित हुए युवक को भूपालपुरा थानापुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द किया। हादसे में घायल मृतक की पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.