सूरत ने जताया भरोसा तो रोड शो कर जताया आभार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोड शो में दिखाया दम

<p>सूरत ने जताया भरोसा तो रोड शो कर जताया आभार</p>
सूरत. निकाय चुनाव मिले लोगों के जनसमर्थन के लिए आभार जताने आए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को रोड शो कर लोगों को धन्यवाद दिया। खुले ट्रक में सवार केजरीवाल बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का अभिवादन करते हुए गए। जीत के बाद रोड शो के बहाने केजरीवाल ने भविष्य की राजनीति के संकेत दिए और दमखम भी दिखाया। गौरतलब है कि मतदान से पहले प्रचार के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली सरकाार में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया के रोड शो को भी जबरदस्त समर्थन मिला था।
हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को 27 सीटों पर जीत मिली थी। पहले ही प्रयास में मिली इस सफलता से सूरत शहर इकाई ही नहीं पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी खासा उत्साहित है। परिणाम आने के बाद ही केजरीवाल ने सूरत का दौरा फिक्स कर दिया था। मतदाताओं का आभार जताने के लिए केजरीवाल शुक्रवार को सूरत में थे। पार्टी ने थैंक यू सूरत टैगलाइन के साथ रोड शो का आयोजन किया था।
रोड शो के लिए केजरीवाल तय समय से करीब आधा घंटा देरी से साढ़े तीन बजे मिनी बाजार वराछा में मानगढ़ चौक पहुंचे। लोगों के हुजूम के साथ केजरीवाल खुले ट्रक में सवार हुए। यहां से रोड शो हीराबाग सर्कल, रचना सर्कल, कारगिल चौक, किरण चौक, योगी चौक, सीमाणा नाका होते हुए सरथाणा जकातनाका पहुंचे। इस दौरान रास्ते के दोनों ओर सडक़ पर और बहुमंजिला इमारतों से लोग केजरीवाल को देखने के लिए खड़े थे। लोगों के इस हुजूम से उत्साहित केजरीवाल ने रास्ते भर हाथ हिला कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और पार्टी को दिए समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
इस रोड शो के बहाने आम आदमी पार्टी ने जता दिया कि चुनाव में मिली जीत अनायास नहीं थी। इसके पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत के साथ ही लोगों का समर्थन भी जुड़ा है। रोड शो में शामिल बाइक और अन्य वाहनों पर सवार कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कारों की छत पर बैठे कार्यकर्ता केजरीवाल के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में निकले रोड शो में भी लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला था।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.