अब मरीजों को मिलेगा गरम खाना

जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को भोजन वितरण करने मिली 4 फूड सप्लाई ट्रॉली

<p>फूड सप्लाई ट्रॉली।</p>
श्योपुर. जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को अब गरमा-गरम खाना मिलेगा। इसके लिए जिला अस्पताल को चार फूड सप्लाई ट्रॉली मिल गई है। चारों फूड सप्लाई ट्रॉली इलेक्ट्रोनिक है, जिनमें खाना गरम और सुरक्षित बना रहेगा।
दरअसल जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को इलाज के साथ नि:शुल्क भोजन भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से दिया जाता है। इसके लिए अस्पताल में कर्मचारी लगे हैं, जो प्रतिदिन सुबह-शाम मरीजों को वार्ड में पहुंचकर भोजन उपलब्ध कराते हैं। भोजन वितरण करने वाले कर्मचारी अभी सादा ट्रॉली में भोजन लेकर वार्डों में पहुंचकर मरीजों को वितरित करते हैं। इस दौरान भोजन भी ठंडा हो जाता है, जबकि ठंडा भोजन ज्यादा लाभकारी नहीं है। मगर अब यह स्थिति जल्द सुधर जाएगी, क्योंकि एनआरएचएम के माध्यम से जिला अस्पताल को 4 फूड सप्लाई ट्रॉली मिल गई है। यह ट्रॉली न सिर्फ चारों तरफ से कवर है, बल्कि इसमें खाना गरम बना रहे, ऐसी सुविधा भी मौजूद रहेगी।
अलग-अलग वार्डों को मिलेगी फूड सप्लाई ट्रॉली
अस्पताल प्रबंधन अभी दो फूड सप्लाई ट्रॉली का उपयोग करेगा, जिसके तहत एक ट्रॉली से मेटरनिटी वार्ड में भर्ती महिला मरीजों को भोजन सप्लाई किया जाएगा। वहीं दूसरी ट्रॉली से जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक शेष दो फूड सप्लाई ट्रॉली को सुरक्षित रखा जाएगा और जरुरत पडऩे पर इनका उपयोग किया जाएगा।

भोजन वितरण करने के लिए 4 ट्रॉली मिली है। अभी दो ट्रॉली का उपयोग भोजन वितरण के लिए शुरू करेंगे। जबकि शेष दो ट्रॉली को सुरक्षित रखेंगे। जिनका उपयोग जरुरत पडऩे पर करेंगे।
डॉ. आरबी गोयल, सिविल सर्जन, श्योपुर
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.