सिवनी

आज से जिले में गर्भवती महिलाओं का कोविड-19 टीकाकरण का शुभारंभ

गर्भवती महिलाएं आगे आए कोविड-19 टीका जरूर लगवाएं

सिवनीJul 23, 2021 / 09:10 am

akhilesh thakur

Accelerate Covid 19 Vaccination: Moderna Vaccine First Batch Will Reach India In Few Days

सिवनी. गर्भवती महिलाओं को शुक्रवार से जिले में कोविड-19 के टीकाकरण का शुभारंभ किया जाएगा। इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने दी है। उनका कहना है कि राज्यस्तर से प्राप्त निर्देशानुसार गर्भवती महिलाओं के समूह को वर्तमान सार्स सीओवी-2 संक्रमण के खिलाफ संरक्षित किया जाना जरूरी है। इसलिए उनको भी कोविड-19 का टीका लगाया जाएगा।
बताया कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी महीने में कोविड-19 का टीका लगाया जा सकता है। टीकाकरण से गर्भवती महिलाओं के भ्रूण को किसी प्रकार की हानि नहीं है। यह टीका गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित है। डब्लूएचओ द्वारा भी गर्भवती महिलाओं को कोविड-19 टीकाकरण कराए जाने की सलाह दी गई है। कोविड-19 टीकाकरण कोरोना बीमारी के खिलाफ गर्भवती महिलाओं को रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है। टीकाकरण के बाद सामान्य रूप से हल्का बुखार, इंजेक्शन साइट पर दर्द एवं लालिमा आदि हो सकता है, जिसके लिए आवश्यक दवाई स्थल पर ही दी जाएगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. लोकेश चौहान ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को कोविड-19 का टीका जिला चिकित्सालय एवं समस्त सिविल अस्पताल, लखनादौन, बरघाट, केवलारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज, कुरई, छपारा, घंसौर, धनौरा पर लगाए जाएंगे। गर्भवती महिलाओं का कोविड-19 टीकाकरण नियमित टीकाकरण दिवस मंगलवार व शुक्रवार को शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में संचालित एएनसी क्लीनिक में किया जाएगा। गर्भवती महिलाओ का ऑन साइट पंजीयन किया जाएगा। साथ ही शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में अन्य दिवस में आने वाली गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा सकता है।

गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण की आवश्यकता क्यों
गर्भवती महिलाओं में गैर गर्भवती महिलओं की तुलना में कोविड-19 इंफेक्शन से गंभीर रूप ले सकता है। कोविड-19 संक्रमण प्रीटर्म बर्थ और न्यूनटल मोर्बिडिटी जैसी अन्य जोखिम को बढ़ा सकता है। अधिकांश गर्भवती महिलाएं एसिम्प्टोमेटिक होती है, लेकिन संक्रमण उन पर एवं भ्रूण पर प्रतिकूल प्रभाव कर सकता है। कोमार्बिड गर्भवती महिलाओं में गंभीर कोविड-19 रोग के विकास का खतरा है। यह महत्वपूर्ण है कि वे कोविड-19 से खुद को बचाने के लिए सभी सावधानियां बरते एवं गर्भवती महिलाओं का और अपना टीकाकरण कराएं।

जिनको फार्मास्युटिकल से एलर्जी उनको नहीं लगेगा टीका
जिन महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान कोविड-19 का संक्रमण हो चुका है उनका प्रसव के तुरंत बाद कोविड-19 टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही किसी गर्भवती महिला को यदि इंजेक्शन भोज्य पदार्थों अथवा फार्मास्युटिकल से एलर्जी है तो उन महिलाओं को वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। सीएमएचओ डॉ. श्रीवास्तव ने कह कि सभी गर्भवती महिलाओं का बिना भय एवं डर के कोविड-19 टीकाकरण करवाएं। इससे मां एवं बच्चा दोनों स्वस्थ्य रहे। टीकाकरण के बाद भी कोविड-19 अनुकूल व्यवहार का पालन करें, जैसे डबल मास्क पहने, हाथ धोएं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में ना जाएं।

Home / Seoni / आज से जिले में गर्भवती महिलाओं का कोविड-19 टीकाकरण का शुभारंभ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.