किसानों से साइलो में गेहूं खरीदी पर तौल कांटे में गड़बड़ी! किसानों ने किया हंगामा

उपायुक्त सहकारिता ने किया खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण

<p>किसानों से साइलो में गेहूं खरीदी पर तौल कांटे में गड़बड़ी! किसानों ने किया हंगामा</p>
सिवनी. किसानों को फायदा पहुंचाने और उनके अनाज को सही समय पर खरीदी के उद्देश्य से सरकार ने किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए साइलो व्यवस्था को अधिकृत किया है, लेकिन किसान साइलो में अपना अनाज बेचकर ठगा सा महसूस कर रहे हैं। किसानों ने सीधे तौर पर साइलो खरीदी केंद्र पर आरोप लगाया है कि अनाज की तोल में गड़बड़ी हो रही है। किसानों से प्रति टेक्टर ट्रॉली 20 से 30 किलो ज्यादा अनाज लिए जाने का आरोप है। इधर जिले के कई गेहूं खरीदी केन्द्रों पर उपायुक्त सहकारिता ने औचक निरीक्षण किया।
छपारा तहसील के सादक सिवनी ग्राम में साइलो सिस्टम के तहत किसानों की गेहूं खरीदी जा रही है, जिसको लेकर किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में अपनी गेहूं लेकर सादक सिवनी में बने साइलो केंद्र पहुंच रहे हैं, जहां केंद्र में लगे तौल कांटों पर किसानों की उपज की तौल में कमी दिखाए जाने का आरोप लगाया गया है। कहा कि धर्मकांटे में तोल में ट्रॉली पर 20 से 30 किलो अधिक माल लिया जा रहा है। क्षेत्र के किसान राशिद खान के द्वारा बताया गया कि एक ट्रॉली भरी गेहूं उन्होंने किसी अन्य धर्म कांटा से तोल कर लाए, जब साइलो केंद्र के धर्म कांटे में तौला तो 40 किलो कम दिखा रहा है। जिसके बाद किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया।
किसानों ने अधिकारियों से साइलो केंद्र के धर्म कांटे की जांच की मांग की है। साइलो प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर धर्मेंद्र कुर्मी का कहना है कि उनके धर्म कांटे में कोई गड़बड़ी नहीं है। कुछ तकनीकी गड़बड़ी हो रही है तो मौसम की वजह से पांच दस किलो कम वजन आ रहा होगा। जबकि किसानों ने 20 से 30 किलो से अधिक गेहूं तौल में लिए जाने के आरोप लगाए हैं। किसानों ने इस मामले की शिकायत छपारा तहसीलदार से की है।
उपायुक्त सहकारिता ने किया खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण
वर्तमान में रबी उपार्जन वर्ष 2021-22 में पूरे जिले में 116 गेहूं उपार्जन केंद्र स्थापित कर खरीदी का कार्य किया जा रहा है। शनिवार को सहकारिता विभाग की टीम ने कई खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। घंसौर विकासखंड के गेहूं खरीदी केंद्रों की स्थिति देखी व कमियों में सुधार के लिए निर्देशित किया। औचक निरीक्षण के दौरान अखिलेश निगम उपायुक्त सहकारिता सिवनी एवं केआरकोरी अंकेक्षण अधिकारी सहकारिता विभाग द्वारा घंसौर ब्लॉक के कहानी उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी से सम्बंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित समिति प्रबंधक, खरीदी प्रभारी व उपार्जन से जुड़े अन्य कर्मचारियों को उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि इस बात का भली भांति ध्यान रखें कि केंद्र पर गेहूं विक्रय के लिए आने वाले किसानों को उनकी उपज विक्रय करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, शासन के निर्धारित मापदंडों व व उपार्जन नीति के अनुसार एफएक्यू (मानक) स्तर का साफ-सुथरा गेहूं ही किसानों से क्रय करें। अमानक स्तर का गेहूं किसी भी स्थिति में न खरीदा जाए। खरीदी केंद्र प्रभारी कहानी को उपायुक्त सहकारिता द्वारा निर्देशित किया गया कि उपार्जन स्थल पर किसानों को सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाए। केंद्र परिसर के भीतर किसानों की बैठक एवं पीने के पानी की उचित व्यवस्था तत्काल करने को कहा। साथ ही असमय मौसम वर्षा से उपार्जित गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए ठोस कदम उठाते हुए ऐसी व्यवस्था करने को कहा कि किसी भी स्थिति में उपार्जित अथवा किसान का गेहूं वर्ष से भींग न पाए। उपार्जित गेहूं को व्यापक सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था प्राथमिकता के साथ बनाने को कहा। साथ ही किसानों से भी निरीक्षण दल द्वारा चर्चा करते हुए उनकी परेशानियों का जायजा लेकर केंद्र प्रभारी को तत्काल उनके निराकरण करने के लिए कहा गया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.