असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक रावण के साथ जलेंगी दस बुराइयां

सीहोर, आष्टा, नसरुल्लागंज, दोराहा, बुदनी, श्यामपुर, जावर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा दशहरा पर्व, रावण के साथ आष्टा में जलेगा कोरोना का पुतला

<p>असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक रावण के साथ जलेंगी दस बुराइयां,असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक रावण के साथ जलेंगी दस बुराइयां</p>

सीहोर. शुक्रवार को दशहरा है। एक बार फिर से रावण का दहन होगा। संदेश बुराई पर अच्छाई की जीत का। रावण भले ही जल जाए, लेकिन हमारे आसपास अनेक रावण रूपी बुराइयां मौजूद हैं। रावण दहन के साथ इन बुराइयों का भी दहन करना होगा। इन बुराइयों को हम खत्म कर सके, तभी सच्चे मायनों में बुराई पर अच्छाई की विजय होगी। रावण दहन के साथ ही हम मिलकर संकल्प लें कि शहर में मौजूद इन दस रावण रूपी बुराइयों का मिलकर खात्म करेंगे।

सीहोर शहर के साथ आष्टा, नसरुल्लागंज, बुदनी, जावर, श्यामपुर, दोराहा, बरखेड़ी, इछावर में दशहरा पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दशहरा उत्सव समितियों ने रावण के पुतले तैयार कर लिए हैं। कुछ समितियों ने स्थानीय स्तर पर रावण के पुतले तैयार कराए हैं और कुछ भोपाल से खरीदकर रावण के पुतले लाएंगी। सीहोर शहर में तीन स्थान पर रावण दहन किया जाएगा। बाल विहार मैदान, सीवन चौराहा और गंज के राठौर पार्क में रावण दहन किया जाएगा। कोरोना संक्रमण के चलते सभी जगह रावण दहन के कार्यक्रम 11 बजे से पूर्व होंगे। रात 11 से सुबह 6 बजे के कोरोना कफ्र्यू लगा है। कोरोना संक्रमण से बचाव की गाइड लाइन के मुताबिक सभी मास्क लगाकर कार्यक्रम में जाए और सुरक्षा की दृष्टि से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए। आष्टा में रावण के साथ कोरोना का पुतला जलाया जाएगा। यहां के एक साइड में रावण के साथ अलग से कोरोना का पुतला बनाया गया है।

दस बुराई, जिनका करें रावण के साथ दहन
कोरोना : डेढ़ साल से कोरोना रूपी रावण ने लोगों की सांसों तक पर पहरा लगा दिया है। हालांकि, सावधानी के बाण से इसे मारा जा सकता है। मास्क लगाएं और नियमित रूप से हाथ धोते रहें। दो गज दूरी का पालन करें। यह असुर आपका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।
प्रदूषण : खुले में कूड़ा नहीं जलाएं। कोरोना रूपी प्रदूषण भी हमें चारों ओर से घेर रहा है। शहर की हवा में सांसों का संकट है। साफ हवा नहीं मिल रही। हम सब मिलकर प्रदूषण रूपी इस कोरोना को हरा सकते हैं। खुले में कूड़ा ना फेंके और ना ही जलाएं।
महिला अपराध : शहर से गांव तक महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहा है। महिला अपराध का यह रावण पूरे समाज को शर्मसार कर रहा है। मिलकर संकल्प लें कि महिला अपराध को हर हाल में रोकना है। महिलाओं का सम्मान करें।
बेरोजगारी : बेरोजगारी का रावण तमाम दावों का मुंह चिढ़ा रहा है। रोजगार सृजन के लिए काम हो। युवाओं को रोजगार मिले। रोजगारपरक पढ़ाई हो। बेरोजगारी के दंश से मुक्ति दिलाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा।
ट्रैफिक जाम : शहर के हर चौराहे पर जाम के रावण से रोज सामना होता है। इस रावण के जन्म में हम और आप ही जिम्मेदार हैं। ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते। जल्दबाजी के चक्कर में जाम का कारण बनते हैं। ट्रैफिक नियमों का पालन करें। नो पार्किंग जोन में वाहन नहीं खड़े करें।
गंदगी : गंदगी का रावण शहर के हर कोने में मुंह चिढ़ाता है। यह स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। नई-नई बीमारियों को यह गंदगी का रावण पैदा कर रहा है। सफाई रखें और गंदगी के रावण को अपने ऊपर हावी ना होने दें। स्वच्छता का संकल्प लें।
बाल श्रम : बाल श्रम रूपी यह रावण शहर में चाय की दुकान, होटल और ढाबों पर सभ्य समाज को आइना दिखाता है। बाल श्रम अपराध है। इसे बढ़ावा नहीं दिया जाए। बच्चों को पढ़ाएं, उन्हें आगे बढऩे का मौका दें। बाल श्रम को खत्म करके ही हम समाज को आगे ले जा सकते हैं।
अपराध : अपराध का रावण हर रोज शहर से गांव तक अट्टहास करता है। बात-बात पर झगड़ा, मारपीट, हत्या। लूट, बलात्कार, चोरी, डकैती जैसे अपराध हो रहे हैं। अपराध के इस रावण को हराना है। सावधान रहें और पुलिस का सहयोग करें। कानून अपने हाथ में नहीं लिया जाए।
भ्रष्टाचार : भ्रष्टाचार के रावण से हर रोज पाला पड़ता है। कभी काम करने तो कभी कराने के लिए रिश्वत लेनी-देनी पड़ती है। संकल्प लें कि हम रिश्वत नहीं लेंगे और न ही काम कराने के लिए देंगे। भ्रष्टाचार के इस रावण को खत्म करने के लिए खुद ईमानदार रहेंगे। किसी भी तरह के अनुचित काम में साथ नहीं देंगे। रिश्वत ना लेंगे और ना ही देंगे।
नशा : नशा रूपी यह रावण गुपचुप ढंग से हमारी युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। बात केवल बीड़ी, सिगरेट और गुटखा, शराब तक सीमित नहीं है। शहर में और भी महंगे नशे जिसमें गांजा, चरस का कारोबार भी हो रहा है। नशे की गिरफ्त से युवाओं को बचाना है। स्कूल-कॉलेज के आसपास मादक पदार्थ की दुकान बंद कराएं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.