सतना

बोले UP Deputy CM केशव प्रसाद, कांग्रेस नहीं, बीजेपी है गरीबों व किसानों की हितैषी

-यूपी के UP Deputy CM केशव प्रसाद ने एमपी के रैगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता को किया संबोधित

सतनाOct 25, 2021 / 01:30 pm

Ajay Chaturvedi

यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या

सतना. UP Deputy CM केशव प्रसाद मौर्य ने सतना के रैगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गरीबों की हितैषी कांग्रेस नहीं भाजपा है। कांग्रेस तो केवल नारे गढ़ने का काम करती है। उसका गरीबों और गरीबी से कोई सरोकार नहीं।
रैगांव विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभ को संबोधित करते हुए मौर्या ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का सिर्फ नारा दिया, अगर उनकी मंशा साफ होती तो कब का इस देश से गरीबी दूर हो चुकी होती। लेकिन सत्ता में आने के बाद गरीबों के हित में एक-दो नहीं बल्कि अनेक कल्याणकारी योजनाएं भाजपा की सरकारों ने लागू की। भाजपा के स्टार प्रचारक मौर्या ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब हों या किसान वो सब के हित का खयाल रखते हैं। यही वजह है कि हाल ही में उन्होंने किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 70 लाख किसानों के खाते में 1540 करोड़ रुपये सीधे डाले हैं।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार ने प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया। बताया कि किसान, मजदूर, नौजवान, महिला सभी के उन्नयन के लिए भाजपा सरकार कृतसंकल्पित है। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के तहत ही लाडली लक्ष्मी योजना, महिला स्वावलंबन योजना लागू कर नारी जाति का सम्मान किया है। इसके अलावा गरीबों, मजदूरों को रोजी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं।
अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। चाहे सुप्रीम कोर्ट हो, चुनाव आयोग हो या फिर हमारी सेनाएं हों, कांग्रेस ने सभी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में कांग्रेस के एक विधायक बाबू जंडेल ने उस संविधान को जलाने की बात कही है, जिसे हमारे पूज्य डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने लिखा है। यह देश के संविधान का अपमान तो है ही, बाबा साहब का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और बाबा साहब अंबेडकर जी का अपमान करने वाली कांग्रेस को हमें इस चुनाव में सबक सिखाना है।

इस जनसभा को मुरारीलाल सोनी, सियाशरण कुशवाहा, प्रामिस त्रिपाठी, उमेश प्रताप सिंह लाला आदि ने भी संबोधित किया। सभा में विधायक सुभाष रामचरित्र वर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल, प्रदेश प्रवक्ता प्रहलाद कुशवाहा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रहलाद कुशवाहा, अनिल पटेल, सुरेंद्र सिंह गहरवार, कमलेश सोहाने आदि मौजूद रहे।

Home / Satna / बोले UP Deputy CM केशव प्रसाद, कांग्रेस नहीं, बीजेपी है गरीबों व किसानों की हितैषी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.