शहीद को अंतिम विदाई, हर आंख हुई नम, सरकार देगी एक करोड़ की सम्मान निधि

मुख्यमंत्री ने की घोषणा, परिवार को एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि और नौकरी देंगे…।

<p>सतनाः जिले के दलदल गांव में शहीद को अंतिम विदाई देने उमड़ा जम सैलाब। हर आंख में था पानी।</p>

 

सतना। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सतना के लाल कर्णवीर सिंह (martyr Karanveer singh) की पार्थिक देह शुक्रवार को जैसे ही पहुंची हजारों की संख्या में जन सैलाब उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी, हर तरफ भारत माता की जय और शहीद कर्णवीर अमर रहे के नारे लग रहे थे। वहीं लोग गुस्से में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगा रहे थे। गार्ड आफ आनर के साथ शहीद कर्णवीर सिंह को अंतिम विदाई दे दी गई।

शुक्रवार सुबह प्रयागराज से सतना जिले के ग्राम दलदल शहीद कर्णवीर सिंह का पार्थिक शरीर पहुंचा। उनकी एक झलक देखने के लिए दूर-दूर से लोग एकत्र हुए थे। प्रशासन का पूरा अमला भी मौजूद था।

 

मुख्यमंत्री ने दी सलामी, कहा- परिवार को देंगे सम्मान निधि

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शुक्रवार को ठीक 11 बजे शहीद के गांव पहुंच गए थे। उन्होंने शहीद कर्णवीर सिंह की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान भी भावुक हो गए। चौहान ने कहा कि वे इस दुनिया से गए नहीं हैं, वे अमर हो गए। मैं उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। हम उनके पूरे परिवार का ध्यान रखेंगे। एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि परिवार को दी जाएगी। एक सदस्य को शासकीय सेवा में रखा जाएगा, उनके नाम का स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने देश के लिए सबकुछ दे दिया, हम जो इस परिवार के लिए कर सकते हैं करेंगे।

 

 

//?feature=oembed

हर आंख थी नम

शहीद को जैसे ही अंतिम दर्शनों के लिए रखा हजारों की संख्या में लोगों की आंखें नम हो गई। शहीद कर्णवीर सिंह की मां की आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे, लोग उन्हें पकड़कर बेटे के पास लेकर आए। यह नजारा देख पूरा वातावरण गमगीन हो गया। इस दौरान गांव के लोग भारत माता की जय और कर्णवीर सिंह अमर रहे के नारे लगाकर लोगों में जोश जगा रहे थे।

 

पाकिस्तान मुर्दाबाद

कर्णवीर की अंतिम यात्रा में एक तरफ देशभक्ति नारे लग रहे थे, तो कुछ लोग पाकिस्तान की नापाक हरकत से बेहद नाराज थे। वे बार-बार पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे।

 

शोपियां में भी दी गई अंतिम सलामी

इससे पहले शोपिया की आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुए कर्णवीर की पार्थिव देह गुरुवार सुबह 9 बजे के करीब बेसकैम्प कश्मीर लाई गयी, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद विशेष विमान से दिल्ली रवाना की गई उसके बाद प्रयागराज होते हुए शुक्रवार सुबह सैन्य वाहन से दलदल पहुंची।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.