धवारी तिराहा में उत्पात मचाने वाले कार सवार गिरफ्तार

– नेहरू प्रतिमा का लगा रहे थे चक्कर

सतना. आधी रात को संयुक्त जिला कलेक्ट्रेट के पास नेहरू प्रतिमा के कार से चक्कर लगाते हुए सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी कार भी जब्त कर ली गई है। सीआरपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाही के बाद तीनों युवकों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर दिया गया।
पता चला है कि गुरुवार की रात करीब साढ़े 11 बजे कार एमपी 04 सीबी 5604 में सवार तीन युवक धवारी तिराहा में नेहरू प्रतिमा के चक्कर लगाते हुए हंगामा कर रहे थे। पुलिस और कानून व्यवस्था से बेखौफ इन युवकों की हरकत का पता चलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार जब्त कर तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में अभिनव उर्फ कान्हा त्रिपाठी पुत्र सुनील त्रिपाठी (21) निवासी विराट नगर, अभिजीत सिंह पुत्र आनंद राज सिंह (23) निवासी पतौरा, मयंक प्रताप सिंह पुत्र वीपी सिंह (23) निवासी धवारी गली 3 हैं। जो गाड़ी इनके पास मिली है वह सुनील शर्मा निवासी कअनी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। कार्रवाही के साथ युवकों को पुलिस ने समझाइश दी है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.