MP Election Sagar Poll : कहीं विकास को तरस रहे लोग तो कहीं विकास को नजरंदाज किया

भाजपा-कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत वाले बूथों की ग्राउंड रिपोर्ट

<p>MP Election Sagar Poll : कहीं विकास को तरस रहे लोग तो कहीं विकास को नजरंदाज किया</p>

अभिलाष तिवारी
सागर. तुलसीनगर वार्ड एेसे क्षेत्रों में से एक है जहां विकास हुआ तो है, लेकिन व्यवस्थित कुछ भी नहीं। इस वार्ड में कुछ गुजराती परिवार रहते हैं। बड़े कारोबारियों के भी मकान हैं। जातिगत समीकरण के हिसाब से यहां मिला-जुला असर है। तुलसीनगर वार्ड पांच वार्डों की सीमाओं से घिरा है, जिसमें सुभाषनगर वार्ड की सीमा इस वार्ड को सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। विधायक भाजपा के होने से क्षेत्र को कुछ दिन पहले ही मात्र साढ़े ६ लाख रुपए की राशि दी गई है।


भाजपा को तुलसीनगर के पोलिंग बूथ- ४१ से बेहद कम वोट मिले थे। यही वजह है कि भाजपा इस क्षेत्र में सक्रिय कम रही। इसी पोलिंग बूथ क्षेत्र में कांग्रेस ने उन मतदाताओं तक भी पहुंचने की कोशिश की है जिनसे वोट नहीं मिले थे। कुछ बस्तियों को छोड़ दिया जाए तो क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क को लेकर जनता की कोई विशेष मांग नहीं है। रेलवे ओवरब्रिज वाले मुख्य मार्ग की ओर से इस वार्ड में पहुंचने पर मात्र एक सड़क ही तुलसीनगर और सुभाषनगर वार्ड को आपस में बांटती है। सबसे मजेदार बात यह है कि तुलसीनगर वार्ड का पोलिंग बूथ- ४१ जिस जगह बना है। वह सुभाषनगर वार्ड में आता है। इस क्षेत्र में आज भी लकड़ी के टॉल संचालित हैं।


भगवानगंज बाजार क्षेत्र यहां से पास होने के कारण कुछ लोगों ने क्षेत्र को गोदाम की शक्ल में भी ला दिया है। लोगों की यहां दबे स्वर में लंबे समय से मांग रही है कि बड़े-बड़े व्यावसायिक संस्थानों को वार्ड व शहर के बाहर शिफ्ट किया जाए। क्षेत्र में नालियों का निर्माण नहीं किया गया है। कारण जल निकासी की समस्या है।


तुलसीनगर वार्ड में कांग्रेस का कब्जा है। पार्षद भैय्यन पटेल का कहना है कि विधायक निधि से पिछले पांच वर्ष में वार्ड को न के बराबर पैसे मिले हैं। क्षेत्र की सबसे बड़ी मांग सामुदायिक भवन की थी, जिसकी अनुमानित लागत साढ़े दस लाख रुपए आ रही थी, लेकिन विधायक निधि से हाल ही में सिर्फ साढ़े ६ लाख रुपए दिए गए हैं। पिछले पांच वर्ष में इस क्षेत्र में पेयजल नेटवर्क का विस्तार, स्ट्रीट लाइट्स और सड़कों का जाल बिछाने का दावा किया जा रहा है। वार्डवासी भारत जाटव, कल्लू बंसल समेत अन्य का कहना है कि नेताओं से क्षेत्र के लोगों की ज्यादा उम्मीदें नहीं हैं। वे सिर्फ बिजली, पानी, सड़क, सफाई कार्य जैसी सुविधाएं ही प्राथमिकता के साथ प्रतिदिन कराते जाएं।

 

विधानसभा क्षेत्र- सागर
बूथ नम्बर- 41
मतदान केंद्र-
तुलसीनगर वार्ड
2013 में मतदान- 1010
कांग्रेस को वोट- 835

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.