सागर

शराबी ने की महिला से छेडख़ानी, बचने के लिए ट्रेन से कूदी

गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती

सागरAug 03, 2021 / 08:37 pm

sachendra tiwari

Drunk molested woman, jumped from train to escape

बीना. विदिशा से झांसी की यात्रा कर रही महिला यात्री के साथ एक शराबी ने ट्रेन खाली होने का फायदा उठाकर छेड़छाड़ कर दी, जिससे बचने के लिए महिला ट्रेन से कूद गई और उसे गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार झांसी निवासी एक 42 वर्षीय महिला के भाई का निधन हो गया था, जिससे वह विदिशा गई थी। मंगलवार को महिला भोपाल-इंटरसिटी एक्सप्रेस से वापस लौट रही थी, लेकिन गुना-ग्वालियर ट्रैक पर बारिश के कारण ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, इसलिए इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्री बीना स्टेशन पर ही उतर गए और ट्रेन लगभग पूरी खाली हो गई। महिला का बीना से झांसी तक का रिजर्वेशन दूसरी ट्रेन से था, लेकिन गलती से वह इंटरसिटी में ही सवार रही और जैसे ही ट्रेन बीना से चली तो ट्रेन में बैठा एक शराबी उससे छेड़छाड़ करने लगा, जिससे बचने के चक्कर में महिला ट्रेन से कूद गई। ट्रैक पर गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। महिला को इलाज के लिए लोगों की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल से मेमो जीआरपी थाना भेजा गया है।
महिला ने सुनाई आपबीती
महिला ने बताया कि वह शराबी के लिए बार-बार जाने के लिए कह रही थी, लेकिन वह उसकी एक नहीं सुन रहा था और महिला से छेड़छाड़ कर रहा था। ट्रेन खाली होने के कारण महिला की मदद के लिए भी कोई नहीं था। महिला ने बताया कि आबरू बचाने के लिए जान की परवाह किए बिना ही वह ट्रेन से कूद गई।
सवाल ट्रेनों में कितनी सुरक्षित हैं महिलाएं
रेलवे महिला यात्रियों की मदद के लिए सहेली अभियान भी चला रही है, लेकिन इसका कितना लाभ महिला यात्रियों को मिलता है इस बात का पता इस घटना से चलता है कि सरेआम महिला से छेड़छाड़ होती रही, लेकिन ट्रेन में कोई भी जवान सुरक्षा के लिए नहीं था। इतना ही नहीं जब टे्रन जंक्शन पर खड़ी थी तब भी खाली ट्रेन में महिला के सवार होने के बाद भी उससे पूछताछ करने के लिए कोई भी महिला पुलिसकर्मी या अन्य जवान नहीं पहुंचा।
मेमो मिला है
ट्रेन से गिरने का मेमो मिला है और पुलिकर्मियों को अस्पताल भेजा है, महिला बयान के बाद ही कुछ कह पाएंगे।
अजय सिंह धुर्वे, थानाप्रभारी, जीआरपी

Home / Sagar / शराबी ने की महिला से छेडख़ानी, बचने के लिए ट्रेन से कूदी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.