रीवा

संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जली बलात्कार पीडि़ता, आरोपी पर आग लगाने का संदेह

मऊगंज पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला, घटना की कर रही जांच

रीवाApr 19, 2021 / 08:30 am

Shivshankar pandey

Fire rape victim in suspicious circumstances, accused of setting fire

रीवा। संदिग्ध परिस्थितियों में बलात्कार पीडि़ता आग से जल गई। उसके घर में आग लग गई थी जिसमें वह बुरी तरह झुलस गई।
परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
उसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। बलात्कार के आरोपी घर में आग लगाकर उसे जिंदा जलाने की शिकायत दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना मऊगंज थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली युवती देर रात आग से जल गई थी। रात में वह कमरे के अंदर सो रही थी। घर में मां और उसके भाई भी मौजूद थे। तड़के करीब तीन बजे अचानक उस कमरे में आग लग गई जिसमें वह सो रही थी। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
संजय गांधी अस्पताल के लिए रेफर
परिजनों ने तत्काल युवती को कमरे से बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह बुरी तरह झुलस गई थी। उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां उसकी हालत को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने बलात्कार के आरोपी राजेश यादव निवासी नरैनी पहाड़ थाना मऊगंज पर आग लगाकर उसे जलाने की शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती युवती के बयान दर्ज किये जिसमें उसने आग लगाते किसी को नहीं देखा लेकिन आरोपी पर आग लगने का संदेह जताया जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर तथ्यों को जुटाने में लगी है।
बलात्कार के बाद नवजात बच्ची को दिया था जन्म
तीन साल पूर्व अपहरण कर किया था बलात्कार, गर्भवती होने पर बच्ची को दिया जन्मउक्त किशोरी के साथ वर्ष 2017 में बलात्कार हुआ था। आरोपी राजेश यादव उसे बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था और उसके साथ बलात्कार करता रहा। पीडि़ता गर्भवती हो गई तो वह उसे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जो फिलहाल जमानत पर बाहर है। उस समय युवती नाबालिक थी और बलात्कार की शिकार पीडि़ता गर्भवती हो गई। उसने बच्ची को जन्म दिया था जो अब तीन साल की हो गई है और उसके साथ ही रहती है।
पूरे मामले की जांच जारी
युवती के आग से जलने का मामला संज्ञान में आया था जिसमें आरोपी उसे जलाने का संदेह जताया गया है। पीडि़ता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
विजय डाबर, एएसपी मऊगंज

Home / Rewa / संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जली बलात्कार पीडि़ता, आरोपी पर आग लगाने का संदेह

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.