पहले दिन ही खरीदी केंद्र पर जला बारदाना

सांचेत के हरिओम वेयर हाउस की घटना, खरीदी केंद्रों पर फिलहाल व्यवस्थाएं कमजोर।

<p>पहले दिन ही खरीदी केंद्र पर जला बारदाना</p>
रायसेन. एक अप्रेल से जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के केंद्र शुरू हो गए। सुबह केंद्र प्रभारियों ने तौल काटों की पूजन कर खरीदी की शुरुआत की। हालांकि पहले दिन बहुत कम किसान अपनी उपजे लेकर केंद्रों पर पहुंचे। हर केंद्र से 10-10 किसानो को उपज लाने के लिए मैसेज किए गए थे। जिले में गेहूं खरीदी के लिए 163 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 102 केंद्र समिति स्तर पर, 55 वेयर हाउस तथा 06 सायले बेग केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर किसानो की सुविधाओं के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभी अधिकतर केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हुई हैं। विशेषकर वेयर हाउस केंद्रों पर उपज को जमीन पर डालने, सफाई करने जैसी जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हैं।
खरीदी के पहले ही दिन लापरवाही भी सामने आई। ग्राम सांचेत में हरिअंत वेयर हाउस पर बारदाना की गठानो में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे लगभग 50 गठाने जल गईं। खरीदी की शुरुआत ही नुकसान के साथ हुई है। बारदाना में आग कैसे लगी इसका कारण पता नहीं चला है। केंद्र पर आग बुझाने के भी पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, कर्मचारियों ने बालटी से पानी लाकर आग बुझाने के प्रयास किए, जिसमें समय लगने से गठानो को जलने से नहीं बचाया जा सका। बताया जा रहा है कि नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा नियुक्त ट्रांसपोर्टर, वेयरहाउस के बाहर ही बारदाना गठाने खाली कर चला गया। वेयरहाउस भी पूर्ण रूप से तैयार नहीं है। इसका निर्माण अभी तक चल रहा है।
पूजन कर की खरीदी की शुरुआत
सेवा सहकारी संस्था मर्यादित बनखेडी द्वारा संचालित समर्थन मूल्य गेहूं खरीदी केंद्र नकतरा श्यामादेवी वेयरहाउस पर संस्था प्रबंधक ज्योतिचंद नामदेव द्वारा श्री गणेश पूजन कर गेहूं खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर किसानो के साथ वेयरहाउस हाउस संचालक अशोक सोनी, केंद्र प्रभारी केशर सिंह कुशवाह, राहुल मीणा, कंप्यूटर ऑपरेटर भूपेंद्र सिंह बघेल मौजूद रहे। इस केंद्र के कम रकबा वाले 16 किसानों को एसएमएस भेज गेहूं तुलाई के लिए बुलाया गया। लेकिन तीन किसान ही कुल 35 क्विंटल उपज लेकर पहुंचे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.