रघुवंश प्रसाद सिंह का दावा, गठबंधन के लिए राजद-जदयू में चल रही है बात

बिहार में अगले साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होना है। इसलिए यहां नए-नए राजनीतिक समीकरण बन रहे हैं।

पटना : महाराष्ट्र शिव सेना के साथ कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के आने के बाद अब बिहार में भी स्थितियां बदलने की संभावना जताई जा रही है। महाराष्ट्र में इन तीनों दलों के सरकार बनाने से उत्साहित राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा के कि अब महाराष्ट्र की राजनीति का असर जल्द ही आपको बिहार में देखने को मिलेगा। इसे लेकर भाजपा के अंदरखाने में भी बेचैनी देखी जा रही है। उसे महाराष्ट्र के बाद बंगाल उपचुनाव में भी बड़ा झटका लगा है। वहां तीन विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में से तीनों पर हार का मुंह देखना पड़ा था। इनमें से एक सीट भाजपा की भी थी।

राजद और जदयू में शुरू हो गई है बात

लालू प्रसाद के बेहद करीबी इस नेता ने दावा किया है कि बिहार की राजनीति में बड़ा राजनीतिक उलटफेर होने जा रहा है। राजद और जदयू में अंदरखाने में बातचीत शुरू हो गई है। अब इन दोनों दलों को एक-दूसरे के साथ जाने में कोई ऐतराज नहीं है। बहुत जल्द इसका नतीजा देखने को मिलेगा।

भाजपा नीतीश को खत्म करना चाहते हैं

रघुवंश प्रसाद सिंह ने सितंबर में भी राजद और जदयू के बीच अंदरखाने में बातचीत होने का दावा करते हुए कहा था कि भाजपा नीतीश कुमार को खत्म करना चाहतीहै।

नीतीश पहले भी बदल चुके हैं पाला

जिस तरह भाजपा से चुनाव पूर्व गठबंधन के बावजूद शिव सेना ने कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बना लिया है, ठीक वही काम 2017 में बिहार में नीतीश कुमार कर चुके हैं। 2015 में राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ा, उसके बाद उनके समर्थन से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनें। फिर 2017 में पाला बदलकर भाजपा के साथ सरकार बना ली थी। नीतीश कुमार ऐसा करते रहे हैं। इसलिए इन आशंकाओं को बल मिल रहा है।

जदयू ने भी रघुवंश प्रसाद के बयान का खंडन नहीं किया

राजद और जदयू गठबंधन को इसलिए भी बल मिल रहा है, क्योंकि जदयू की तरफ से अभी तक रघुवंश प्रसाद सिंह के इस बयान का खंडन नहीं किया गया है। बता दें कि बिहार में अगले साल अक्टूबर में चुनाव होना है। इसलिए यहां नए-नए राजनीतिक समीकरण बनने के कयास लगाए जा रहे हैं। इसमें राजद-जदयू गठबंधन की संभावना भी बन रही है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.