24 घंटे में बदला कलेक्टर का आदेश, गृहमंत्री बोले- खूब फोड़ें पटाखे, कोई पाबंदी नहीं

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान, दीपावली के पर्व को खूब उत्साह से मनाएं, कोई समय सीमा की पाबंदी नहीं है।

भोपाल. दीपावली के दिन दो घंटे पटाखे जलाने के भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया के आदेश को महज 24 घंटे के अंदर ही पलट दिया गया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि दीपावली पर्व पर पटाखे फोड़ने के लिए कोई समय सीमा तय नहीं की गई है, खूब पटाखें फोड़ें और दीपावली को धूमधाम से मनाएं। हालांकि इस दौरान गृहमंत्री ने ये भी कहा कि दीपावली का पर्व मनाते वक्त कोविड-19 की गाइडलाइन का जरुर ध्यान रखें।

 

दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाएं- नरोत्तम मिश्रा

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से जब सवाल किया गया कि भोपाल कलेक्टर ने दीपावली और आगामी त्यौहारों के लिए आदेश जारी किया है जिसमें दीपावली पर सिर्फ दो घंटे ही पटाखे फोड़ने की समय सीमा तय की है। इस पर गृहमंत्री ने कहा कि एनजीटी के आदेश को देखते हुए कलेक्टर ने ये आदेश दिया होगा लेकिन ऐसी कोई समय सीमा नहीं होगी। दीपावली हमारा त्यौहार है और इसे धूमधाम के साथ मनाएं। बता दें कि तीन दिन पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा था कि दीपावली को सभी अच्छे मनाएं लेकिन कोरोना गाइडलाइन का जरुर ध्यान रखें।

 

भोपाल कलेक्टर ने जारी किया था ये आदेश

बता दें कि गुरुवार को भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने एक आदेश जारी किया था जिसमें न सिर्फ दीपावली बल्कि आने वाले त्यौहार छठ पूजा, क्रिसमस और नव वर्ष पर भी पटाखा फोड़ने के लिए समय सीमा तय की थी और ये तय किया था कि त्यौहारों पर रात को सिर्फ 8-10 बजे तक ही भोपाल में पटाखे फोड़े जा सकेंगे।

 

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.