ओपिनियन

सेहत : स्वास्थ्य असमानता दूर करने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी

ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता शहरी क्षेत्रों से काफी कम होती है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था में आम तौर पर असमानताएं दिखाई देती हैं।

नई दिल्लीApr 13, 2021 / 07:14 am

विकास गुप्ता

सेहत : स्वास्थ्य असमानता दूर करने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी

डॉ. चंद्रकांत लहारिया

विश्व को कोविड-19 से जूझते हुए एक साल से ज्यादा का समय हो गया है। भारत कोरोना की दूसरी और पहले से बड़ी लहर का सामना कर रहा है। यह सर्वविदित है कि रोगाणु (वायरस और बैक्टीरिया) गरीब और अमीर में भेद नहीं करता। इसके बावजदू इस महामारी से वंचित वर्ग पर सबसे बुरा असर पड़ा है। वर्ष 1918-20 में इन्फ्लूएंजा महामारी में भी लगभग यही स्थिति रही थी। गरीब और वंचित सबसे अधिक प्रभावित हुए थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि कोविड महामारी की वजह से पिछले 20 सालों में पहली बार वैश्विक स्तर पर गरीबी बढ़ सकती है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय संगठन ऑक्सफैम की एक रिपोर्ट ने सार्स कोव-2 को ‘असमानता वायरस’ की संज्ञा दी है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था में आम तौर पर असमानताएं दिखाई देती हैं। स्वास्थ्य की बात की जाए, तो कोविड-19 महामारी से पहले भी कुछ भारतीय राज्यों में शिशु मृत्यु दर कुछ अन्य राज्यों के मुकाबले पांच गुना अधिक थी। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता शहरी क्षेत्रों से काफी कम होती है।

असमानताओं को समझने में एक महत्त्वपूर्ण साल 1971 रहा। इस वर्ष ब्रिटिश फिजिशियन जूलियन टूडोर हार्ट ने ‘प्रतिलोम देखभाल सिद्धान्त’ बताया और कहा कि मध्यम और निम्न आय देशों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता लोगों की आवश्यकताओं से ठीक उलट होती है। फिर वर्ष 2000 के आस-पास नए सबूत सामने आए कि लोगों की सेहत महज स्वास्थ्य सेवाओं पर ही नहीं, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करती है कि लोग किन परिस्थितियों में जन्म लेते हंै, बड़े होते हैं और रहते हैं। इन्हें ‘स्वास्थ्य के सामाजिक निर्धारक’ कहते हैं। ये हैं-निवास की जगह (ग्रामीण, शहरी व अन्य), प्रजाति एवं जाति, व्यवसाय, लिंग, धर्म, शिक्षा स्तर, सामाजिक-आर्थिक स्तर आदि। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट के अनुसार स्वास्थ्य के सामाजिक निर्धारक स्वस्थ रहने में दो तिहाई तक भूमिका निभाते हैं।

कोविड-19 महामारी ने स्वास्थ्य असमानता की तरफ फिर से ध्यान आकर्षित किया है। हमें इस अवसर का इस्तेमाल स्वास्थ्य असमानताओं को दूर करने के लिए करना चाहिए। भारत में एचआइवी या एड्स उन्मूलन कार्यक्रम से मिली सीख स्वास्थ्य असमानता कम करने में मददगार साबित हो सकती है। इसमें सामुदायिक भागीदारी और लक्षित मध्यस्थता जैसे उपाय अपनाए गए थे। यहां ‘गांधीजी का ताबीज’ काम आ सकता है। स्वास्थ्य नीति निर्माताओं और कार्यक्रम प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि समाज के सबसे गरीब और कमजोर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो। जब सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश करती है और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं को सुचारु करती है, तो स्वास्थ्य असमानता कम हो जाती है। पिछले दशकों में कई देश स्वास्थ्य सेवाओं की असमानता दूर करने में सफल हुए हैं। उन्होंने यह लक्ष्य सार्वभौमिक स्वास्थ्य नीति लागू करके और स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करके हासिल किया है। भारत भी यह कर सकता है, जरूरत है तो सिर्फ राजनीतिक इच्छाशक्ति की। साथ ही इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से मजबूत पहल की।
(लेखक सार्वजनिक स्वास्थ्य, टीकाकरण और स्वास्थ्य तंत्र विशेषज्ञ हैं)

Home / Prime / Opinion / सेहत : स्वास्थ्य असमानता दूर करने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.