मुजफ्फरनगर

खाप के मुखिया ने की भाजपा के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात, अब खाप के लोग देंगे ये अनोखा दंड

Highlights
– अहलावत खाप के मुखिया चौधरी गजेंद्र अहलावत से नाराज हुए खाप के लोग
– दंड स्वरूप 100 किसानों को किसानों को खिलाना होगा खाना
– भाकियू के वरिष्ठ नेता बोले- सौ से डेढ़ सौ लोग जाएंगे खाप चौधरी के घर

मुजफ्फरनगरFeb 22, 2021 / 11:48 am

lokesh verma

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुजफ्फरनगर. कृषि कानूनों को लेकर जहां किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है, वही पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में खाप चौधरियों को मनाने की भाजपा नेतृत्व की मुहिम भी दम तोड़ती नजर आ रही है। कई खाप चौधरियों से मिलने को लेकर भाजपा के मंत्रियों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बीजेपी के मंत्रियों के इस प्रतिनिधिमंडल से मिलने के बाद अहलावत खाप के मुखिया चौधरी गजेंद्र अहलावत से उनकी ही खाप के लोग नाराज हो गए हैं। हालांकि यह नाराजगी कितनी और कब तक रहेगी इसका तो अभी अंदाजा नहीं लगाया जा सकता, लेकिन अब अहलावत खाप के गांव भैंसी और गांव रायपुर नंगली में अहलावत खाप के लोग मिलने उनके घर जाएंगे।
यह भी पढ़ें- कृषि कानूनों के विरोध में किसान ने लहलहाती गेहूं की खड़ी फसल को ट्रैक्टर से किया तहस-नहस

भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता राजू अहलावत ने कहा कि बालियान खाप के मुखिया और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा था कि जब तक यह आंदोलन चल रहा है, तब तक अपने यहां कोई भी भाजपा के नेता को ना बुलाए। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे दंड स्वरूप अगले दिन 100 किसानों का खाना बनवाना पड़ेगा। उसके बावजूद भी अहलावत खाप के मुखिया चौधरी गजेंद्र सिंह के घर भाजपा के नेता पहुंचे। अब हमें यह जानकारी करनी है कि इन नेताओं को चौधरी गजेंद्र अहलावत ने बुलाया था या यह फिर खुद गए थे। उन्होंने कहा कि सौ से डेढ़ सौ लोग अहलावत खाप के मुखिया चौधरी गजेंद्र अहलावत के घर जाएंगे और सबका खाना-पीना उनके घर पर ही रहेगा। उन्होंने सीधे तौर पर अपनी खाप के मुखिया को दंडित करने की तो कोई बात नहीं की है। उनका कहना है कि हम खाप चौधरियों का सम्मान करते हैं और सम्मान करना भी चाहिए।
गौरतलब है कि शनिवार को केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह बुढ़ाना से भाजपा विधायक उमेश मलिक और भाजपा संगठन के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मोहित बेनीवाल कई खापों के चौधरियों से मिले थे, जिसमें अहलावत खाप के मुखिया चौधरी गजेंद्र अहलावत से भी मिले थे।
यह भी पढ़ें- कृषि कानूनों को लेकर किसानों के बीच पहुंचे भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल का विरोध
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.