खेतों में टहल रहे भाजपा नेता के पिता की गर्दन काटकर निर्मम हत्या, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

मुजफ्फरनगर की जानसठ कोतवाली क्षेत्र की घटना, भाजपा नेता ने दूसरे समुदाय के लोगों पर लगाया वारदात को अंजाम देने का आरोप।

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुजफ्फरनगर. एक भाजपा नेता के पिता की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। भाजपा नेता के पिता की हत्या की घटना के बाद सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही एसपी देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने खतौली-शुक्रताल मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। भाजपा नेता ने गांव के ही दूसरे समुदाय के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही जानसठ पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- बकरीद पर जाटों और दलितों में खूनी संघर्ष, एक की मौत कई घायल

दरअसल, मुजफ्फरनगर में जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव भलवा निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष सुशील कुमार के पिता श्याम सिंह की अज्ञात लोगों ने उस समय धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी। जब वह खेतों की ओर घूमने गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक श्याम सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए खतौली-शुक्रताल मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। भाजपा नेता सुशील कुमार ने गांव के ही दूसरे समुदाय के लोगों पर अपने पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सुशील का कहना है कि गांव में हिंदू परिवार केवल उसी का है, बाकी सब दूसरे समुदाय के लोग हैं, जो उनसे जलन रखते हैं। वह शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं। इसकी शिकायत थाने में भी की थी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दूसरे समुदाय के लोग उसे हमेशा परेशान करते रहते हैं।
यह भी पढ़ें- आगरा: पांच करोड़ की फिरौती मांगने वाला एक लाख का इनामी बदन सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.