मोरेना

चंबल में बढ़ा जल स्तर, पीपों का पुल एक किलोमीटर बहा

पुल की रखवाली कर रहे कर्मचारियों को स्टीमर से बचाया131 मीटर पर पहुंचा चंबल का जल स्तर, क्वारी नदी उफनने से कई रास्ते बंद

मोरेनाAug 01, 2021 / 06:59 pm

महेंद्र राजोरे

चंबल के उसैदघाट पर तेज बहाव में बहा पीपों का पुल।

मुरैना/गोठ. कैचमेंट जोन में एक सप्ताह से हो रही तेज बारिश की वजह से जिले की ज्यादातर छोटी नदियां उफान पर हैं। चंबल में भी शनिवार से लेकर रविवार के बीच करीब 10 मीटर जल स्तर बढ़ गया है। इस बार पानी का बहाव तेज होने से चंबल नदी के उसैदघाट पर खोलकर रखा गया पीपों के पुल का ढांचा पीपों सहित एक किलोमीटर दूर तक बह गया।
पीपों के पुल पर रखवाली के लिहाज से रहने वाले करीब आधा दर्जन कर्मचारी भी फंस गए थे, जिन्हें स्टीमर की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया। पुल के ढांचे को पिनाहट के पास से वापस उसैदघाट पर लाया गया है। बता दें कि एक सप्ताह से श्योपुर और मुरैना जिले के ऊपरी हिस्सों में रोज बारिश हो रही है। इससे छोटी नदियां तो पहले से ही उफान पर थीं, अब चंबल में भी तेजी से जल स्तर बढ़ा है। हालांकि राजघाट पर अभी खतरे के निशान से बहुत नीचे है और अब पानी कम भी होने लगा है, लेकिन छोटी नदियों में अभी समस्या बनी हुई है। राजघाट पर चंबल का जल स्तर पर शनिवार को 121 मीटर से बढ़कर रविवार को सुबह 11 बजे 130.50 मीटर तक पहुंच गया था। दोपहर में एक बजे से जल स्तर कम होकर 130.20 मीटर पर आ गया। हालांकि चंबल नदी के राजघाट पर खतरे का निशान 138 मीटर पर है। 135 मीटर के करीब पहुंचने पर सतर्कता बढ़ा दी जाती है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी का नया पुल बन जाने से बाढ़ के दौरान भी यातायात अवरुद्ध होने का खतरा नहीं है, लेकिन 138 मीटर तक जल स्तर पहुंचने से पहले ही करीब 70 गांवों में राहत और बचाव कार्य शुरू करवा दिए जाते हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया गया है। जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष से चंबल पर निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है और हर दो घंटे में अपडेट जानकारी ली जा रही है।
क्वारी नदी में उफान से जौरा व सबलगढ़ में समस्या

क्वारी नदी में जल स्तर बढऩे से सबलगढ़ के रामपुरकलां क्षेत्र में जारौली स्टॉप डैम से पानी ओवरफ्लो होने से बामसोली घाट के रपटे पर 15-20 फीट तक पानी आ जाने से आधा दर्जन गांवों के रास्ते बंद हैं। इसी प्रकार बागचनी क्षेत्र में खिटौरा मार्ग पर बने रपटे पर क्वारी नदी का पानी 15 फीट तक ऊपर बहने से रास्ते बंद हैं।
अंचल में अब तक की बारिश की स्थिति

तहसील आज 2021 2020
पोरसा 22.0 175.0 209.0
अंबाह 13.0 121.0 221.0
मुरैना 9.2 293.2 360.2
जौरा 11.0 195.0 285.0
कैलारस 32.0 230.0 180.0
सबलगढ़ 35.0 299.0 351.0
औसत 20.4 218.9 267.7
नोट : बारिश के आंकड़े मिलीमीटर में हैं।
शनिवार से चंबल में जल स्तर बढ़ रहा था। रविवार को अधिकतम 130.50 मीटर पर पहुंचने के बाद कम होना शुरू हो गया है। पांच बजे 129.90 मीटर जल स्तर दर्ज किया गया है। पानी निरंतर कम हो रहा है।
रमाकांत शर्मा, एसडीओ, जल संसाधन व राजघाट प्रभारी, मुरैना

Home / Morena / चंबल में बढ़ा जल स्तर, पीपों का पुल एक किलोमीटर बहा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.