Coronavirus: ब्राजील में लगातार दूसरे दिन 3 हजार से अधिक की मौत, दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 12.67 करोड़ पार

Coronavirus Updates Worldwide: अमरीका के बाद ब्राजील पूरे विश्व में कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित देश है। बीते दो दिन से लगातार 3 हजार से अधिक लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है।

ब्रासीलिया। पूरी दुनिया कोरोना महामारी के प्रकोप से जूझ रही है। अब तक लाखों लोगों की जान जा चुकी है, वहीं करोड़ों लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। दुनियाभर में लगातार तेजी के साथ एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। अमरीका के बाद ब्राजील पूरे विश्व में सबसे अधिक प्रभावित देश है। बीते दो दिन से लगातार 3 हजार से अधिक लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, शनिवार को ब्राजील में 3,438 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक दिन पहले शुक्रवार को 3,650 लोगों की जान गई थी। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 85,948 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,10,550 हो गई है। वहीं 1,24,90,362 लोग अब तक संक्रमित हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें
-

अमरीका में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा साढ़े चार लाख पार, मास्क पहनना हुआ अनिवार्य

हालांकि, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच तेजी के साथ कोरोना टीकाकरण भी किया जा रहा है। ब्राजील में अब तक 1.95 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें से 1.48 करोड़ लोगों को टीका का पहला डोज, जबकि 46.4 लाख लोगों को पहला और दूसरा दोनों डोज लगाया जा चुका है। पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या की बात करें तो अब तक 12.67 करोड़ के पार हो चुका है। वहीं मरने वालों की संख्या 27.7 लाख से अधिक हो चुकी है।

https://www.dailymotion.com/embed/video/x808pb8
ये हैं दुनिया के सबसे अधिक प्रभावित देश
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.