UNLOCK 5 : यूपी, पंजाब, सिक्किम में आज से खुलेंगे स्कूल, जानिए क्या हैं दिशानिर्देश

अनलॉक 5 के तहत केंद्र सरकार के कड़े दिशा-निर्देशों के साथ 19 अक्टूबर से उत्तरप्रदेश, पंजाब, सिक्किम में करीब सात माह बाद फिर से स्कूल खुलेंगे। मुंबई में मैट्रो सेवाएं और ओडिशा का भितरकनिका राष्ट्रीय पार्क भी आज से खुल जाएगा। एक दिन में 500 पर्यटकों के प्रवेश की अनुमति होगी।

उत्तर प्रदेश : 50 फीसदी छात्र स्कूल आ सकेंगे
उत्तर प्रदेश में आज से स्कूल खुलना शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में कक्षा 9-12 तक के स्कूलों को खोला जाएगा। एक दिन में अधिकतम 50 फीसदी छात्र स्कूल आ सकेंगे। इस तरह स्कूल दो शिफ्ट में चलाए जाएंगे। किसी भी छात्र व शिक्षक में कोरोना के लक्षण दिखते हैं तो तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया जाएगा।

पंजाब : तीन घंटे के लिए खुलेंगे
पंजाब में भी आज से कक्षा 9-12 तक के स्कूल खुलेंगे। अन्य कक्षाओं के लिए ऑनलाइन क्लासेज चलती रहेंगी। स्कूल सिर्फ 3 घंटे के लिए खुलेंगे। एक बेंच पर एक छात्र को बैठने की अनुमति होगी। खुलने व बंद होने के समय स्कूल के सभी द्वार को खुला रखना होग। कंटेनमेंट जोन के छात्र व शिक्षक स्कूल नहीं आ सकेंगे।

सिक्किम : अभिभावक की लिखित मंजूरी
यहां कक्षा 9-12 तक छात्रों को स्कूल आने के लिए अपने अभिभावकों से लिखित मंजूरी लेनी होगी। कक्षा 6-8 तक के स्कूल 2 नवंबर से व कक्षा 3-5 तक की कक्षाएं 23 नवंबर से चलेंगी। यहां सर्दियों की छुट्टियों को समाप्त कर दिया है।
मुंबई : सुबह 8.30 से रात 8.30 तक
मुंबई में मैट्रो सेवा सुबह 8.30 बजे से रात 8.30 बजे तक चलेंगी। इसमें सफर के लिए मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है। कार्ड और ई-टिकट वाले यात्रियों को ही मैट्रो परिसर में घुसने की अनुमति होगी। बच्चों-बुजुर्गों को यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.