गैंपरेप पीड़िता ने कमिश्नरी चौराहे पर किया आत्मदाह का प्रयास, मचा हड़कंप

Highlights- भरे चौराहे पर अपने ऊपर उड़ेल लिया मिट्टी का तेल- एक महिला गिरकर हुई बेहोश- पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के हाथ से छीनी माचिस

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. कमिश्नरी चौराहे पर शुक्रवार दोपहर को एक गैंगरेप पीड़ित और दो अन्य महिलाओं ने अपने ऊपर मिटटी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया है। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के हाथ से माचिस छीन ली और स्थिति पर जैसे-तैसे काबू पा लिया। इस दौरान एक महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई। घटना के चलते मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। महिलाओं ने खरखौदा पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया है। बताते चलें कि पीड़िता एक हिस्ट्रीशीटर की पत्नी है।
यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से पलटी तेज रफ्तार डबल डेकर बस, दर्जनभर यात्री घायल, तीन गंभीर

दरअसल, थाना खरखौदा क्षेत्र निवासी हिस्ट्रीशीटर की पत्नी ने बीती 27 फरवरी को तीन व्यक्तियों पर खुद के साथ गैंगरेप का आरोप लगाया था। पीड़ित महिला का आरोप था कि आरोपी उसकी मौसी को गोली मारकर उसे घर से उठाकर ले गए थे, जिसके बाद आरोपियों ने महिला को जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंग रेप किया था। शुक्रवार को पीड़िता अपने परिवार की कुछ महिलाओं के साथ कमिश्नरी चौराहे पर पहुंची। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता पीड़िता समेत एक अन्य महिला ने हंगामा करते हुए अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया, जिसके चलते मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
इसके बाद चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे महिलाओं को काबू में किया। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर की पत्नी बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद महिलाओं ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस गैंगरेप के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उल्टा उनके खिलाफ ही कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। फिलहाल सभी महिलाओं को सिविल लाइन थाने भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने इलाहाबाद एमपी-एमएलए कोर्ट में किया सरेंडर, ढूंढ़ती रह गई पुलिस
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.