कारोबार

पेट्रोल-डीजल होगा सात रुपए सस्ता, सऊदी अरब ने कर दिया ये बड़ा काम

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

नई दिल्लीNov 03, 2018 / 08:31 am

Manoj Kumar

सात रुपए सस्ते होंगे पेट्रोल-डीजल, सऊदी अरब ने कर दिया ये बड़ा काम

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बीते 16 दिन से कटौती जारी है। इन 16 दिनों में पेट्रोल की कीमतों में करीब 3.50 रुपए और डीजल की कीमतों में करीब 2.25 रुपए प्रति लीटर की कमी आई है। आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और गिरावट हो सकती है। इसका कारण यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट हो रही है। बाजार के जानकारों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का दौर जारी रहेगा, जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों सात रुपए तक की कमी हो सकती है। इसके अलावा अमरीकी डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी आने से आयात पर कम खर्च हो रहा है जिससे राहत मिलने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा ईरान पर अमरीकी प्रतिबंधों को देखते हुए सऊदी अरब ने कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ा दिया है, जिससे इसकी कीमतों में लगातार गिरावट हो रही है।
इसलिए सस्ते होंगे पेट्रोल-डीजल

केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार, बीते कुछ दिनों में कच्चे तेल के उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है, जबकि मांग में कमी आई है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट हो रही है। इसके अलावा अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव और रुपए में सुधार के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट हो रही है। अजय केडिया के अनुसार 3 अक्टूबर को कच्चा तेल जहां 86.74 डॉलर प्रति बैरल चल रहा था जो अब 2 नवंबर को घटकर 72.79 पर आ गया है। आने वाले दिनों में कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास हो सकता है। एेसे में एक महीने में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 6 से 7 रुपए तक की कमी आ सकती है।
एक रुपए की छूट वापस ले सकती हैं कंपनियां

कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कमी हो रही है। पेट्रोल की कीमतों में पिछले 16 दिनों से रोज गिरावट दर्ज की जा रही है। एेसे में संभावना जताई जा रही है कि सरकार तेल कंपनियों से एक रुपए की छूट वापस लेने को कह सकती है। आपको बता दें कि पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने 4 अक्टूबर को 1.50 रुपए प्रति लीटर वैट की कटौती करने का एेलान किया था। साथ ही तेल कंपनियों से प्रति लीटर एक रुपए की कटौती करने का आदेश दिया था।

Home / Business / पेट्रोल-डीजल होगा सात रुपए सस्ता, सऊदी अरब ने कर दिया ये बड़ा काम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.