वित्त वर्ष के पहले दिन ही बढ़ी सोने-चांदी की चमक

दोनों कीमती धातुओं में लगातार दूसरे दिन चमक रही है और इनका आज का स्तर 27 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में मांग आने से सोमवार को सोना 110 रुपए चमककर 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 175 रुपए चमककर 39,375 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। दोनों कीमती धातुओं में लगातार दूसरे दिन चमक रही है और इनका आज का स्तर 27 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।
अमरीका-चीन में तनाव का दिखा असर

अमरीका और चीन के बीच व्यापार प्रतिबंधों को लेकर तनाव बढ़ने से विदेशों में भी सोने के दाम बढ़े हैं। सोना हाजिर 6.65 डॉलर की मजबूती के साथ 1,331.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमरीकी सोना वायदा भी 0.10 डॉलर की बढ़त में 1,335.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अमरीका की ओर से चीन के उत्पादों पर कर बढ़ाए जाने के बाद चीन ने भी प्रतिक्रिया स्वरूप अमरीकी उत्पादों पर भारी-भरकम कर लगा दिया है। इससे डॉलर के दाम बढ़ने के बावजूद सोने में तेजी रही है। आमतौर पर दोनों का ग्राफ एक-दूसरे के विपरीत रहता है। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच बढ़े व्यापारिक तनाव के कारण निवेशक शेयर बाजार में जोखिम उठाने की बजाय सुरक्षित धातु का रुख कर रहे हैं।
चांदी के भाव भी बढ़े

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी हाजिर भी 0.14 डॉलर लुढक़कर 16.45 डॉलर प्रति औंस पर रही। स्थानीय स्तर पर ग्राहक आने से सोना स्टैंडर्ड 110 रुपए चमककर 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी से 31,310 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। गिन्नी में कोई बदलाव नहीं हुआ और वह गत दिवस के 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रही। चांदी की ग्राहकी भी बढ़ी है जिससे चांदी हाजिर 175 रुपए चमककर 39,375 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी वायदा भी 205 रुपए की बढ़त में 38,525 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,460

सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,310

चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 39,375

चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,525
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000

सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :75,000

गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.