फिरोजाबाद के गांव नगला भूड़ निवासी हरेंद्र कुमार की बारात प्राइवेट बस से इटावा के गांव नगला छत्ता जा रही थी। देर शाम करीब साढ़े 8 बजे बस घिरोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोसमा क्रॉसिंग के पास पुलिया की मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 18 बाराती घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। उधर दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से 6 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी होते ही शहर के आला अधिकारी अस्पताल पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल उपचार दिलवाया गया। मौके पर पहुंचे डीएम मैनपुरी महेंद्र बहादुर ने बताया कि इस बस में बाराती सवार थे और पलटने से 18 यात्री घायल हो गए हैं। कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें सैंफई के लिए रेफर कर दिया गया है। जहां उनका इलाज जारी है और स्थिति पहले से अब बेहतर है।