मैनपुरी में सामने आया सनसनीखेज मामला, दंपति की बेरहमी से हत्या, आठ माह की बच्ची को किया घायल…

 
गुरुवार रात में दिया वारदात को अंजाम। घटना का पता सुबह बच्ची के रोने की आवाज सुनकर चला।

मैनपुरी। जिले के कुरावली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कुछ हमलावरों ने एक दंपति की बेरहमी से पीट पीटकर हत्या कर दी। साथ ही उनकी आठ माह की बच्ची को घायल कर दिया। शुक्रवार सुबह जब बच्ची के रोने की आवाज आयी, तब लोगों को घटना का पता चला। इसके बाद घायल बच्ची को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
घटना कुरावली के निजामपुर की है। यहां के रहने वाले 40 वर्षीय विघनेश शर्मा व 38 वर्षीय पत्नी गीता के कोई संतान नहीं थी। गांव में उनका अपना मकान था उसमें वे दोनों ही रहते थे। कुछ समय पहले दंपति ने आठ माह की एक बच्ची को गोद ले लिया था। गुरुवार शाम तक सब कुछ ठीक था। लेकिन रात में जब वे सोए तो सुबह घर से बाहर नहीं निकले। सुबह के समय जब लोगों ने काफी देर तक बच्ची को रोते हुए सुना तो मकान की ओर गए। वहां देखा तो दंपति खून से लथपथ हालत में मृत पड़े थे। वहीं बच्ची घायल थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। फिलहाल पुलिस को छानबीन के दौरान खून से सनी लकड़ी छीलने वाली बसूली मिली है। हत्या के कारण की जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.