सहायक सूचना अधिकारी सतीश कुमार यादव ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आगरा भ्रमण को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने व्यापक योजना बनाई है। सांस्कृतिक विभाग ने इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में सूबे के नामचीन कलाकारों की विभिन्न विधाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां निर्धारित की है। इसी क्रम में बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रमुख लोक नृत्य दीवारी व पाई डंडा के प्रदर्शन के लिए महोबा की लखनलाल यादव एन्ड पार्टी का कार्यक्रम तय किया गया है। इस लोक नर्तक दल की 16 सदस्यीय टीम 24 फरवरी को आगरा में ट्रम्प की अगवानी में अपना कार्यक्रम देगी। उक्त कार्यक्रम का 23 फरवरी को पूर्वाभ्यास निर्धारित है। जिसके पूर्व सभी कलाकारों को अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को कहा गया है।
बुंदेलखंड की दीवारी अपने तरह का अनूठा लोक नृत्य है जिसमे नृत्य के साथ युद्ध कला का अद्भुत सम्मिश्रण है। कहा जाता है कि दीवारी नृत्य की उत्पत्ति द्वापर युग मे कृष्ण की लीलाओं से हुई। गायों के चराने के लिए वन जाने पर वे अपने सखाओं के साथ इस नृत्य का आनंद लिया करते थे। दीवारी नृत्य बुंदेलखंड में अहीर बिरादरी में सर्वाधिक प्रचलित है।