महिला व बाल सुरक्षा संगठन द्वारा बच्चों के साथ संवाद का हुआ आयोजन

1090 के कार्यकलाप और हेल्प लाइन के द्वारा दी जाने वाली महिला सुरक्षा सम्बन्धी सुविधाओं के बारे में बताया गया।

<p>महिला व बाल सुरक्षा संगठन द्वारा बच्चों के साथ संवाद का हुआ आयोजन</p>
लखनऊ , महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन द्वारा आज मिशन शक्ति के अंतर्गत हमारी सुरक्षा – उद्गार संवाद श्रंखला में यूनिसेफ व शहरी गरीब निकाय के साझा प्रयास से लखनऊ जनपद में चलाये जा रहे ‘संभव’ परियोजना के साथ जुड़े बच्चों के साथ संवाद किया गया और 1090 कॉल सेंटर का भ्रमण कराया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 70 बच्चों व वालेंटीयर्स ने प्रतिभाग किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक रवि शंकर छबि ने सबका स्वागत करते हुए 1090, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि महिलाओं व लड़कियों की सहायता के लिए 1090, हर समय यानि 24×7 उपलब्ध है। बच्चों के साथ इस संवाद कार्यक्रम में 1090 की जानकारी देने के लिए फिल्म भी दिखाई गयी। संवाद कार्यक्रम को और भी सफल बनाने के लिए 1090 की टीम द्वारा एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। फिल्म और नुक्कड़ नाटक के द्वारा बच्चों को वीमेन पावर लाइन 1090 के कार्यकलाप और हेल्प लाइन के द्वारा दी जाने वाली महिला सुरक्षा सम्बन्धी सुविधाओं के बारे में बताया गया।
आफताब, बाल सुरक्षा विशेषज्ञ, यूनिसेफ ने पुलिस की बदलती हुई तस्वीर के बारे में बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन आज हर प्रकार से हमारी सुरक्षा में तत्पर है। अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, नीरा रावत ने बच्चों व कार्यक्रम में आए वॉलन्टियर्स से सीधे संवाद किया और कहा कि हमें महिलाओं का सम्मान बिना किसी अहंकार के करना चाहिए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.